22 साल की उम्र में IAS बन गया कौशांबी का होनहार
2015 में आईआरएस बनने के बाद भी विवेक ने तैयारी जारी रखी और एक साल में ही ऊंची छलांग लगाकर आईएएस बन गए।
इलाहाबाद। संघ लोकसेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में कौशांबी के होनहार विवेक ने मात्र 22 साल की उम्र में आईएएस बनने का गौरव हासिल किया है। कौशांबी की सदर तहसील के हिनौता गांव के रहने वाले विवेक रंजन की इस उपलब्धि से पूरा जिला गौरवान्वित है। इतना ही नहीं विवेक ने परीक्षा में 164वीं रैंक भी हासिल की है।

आईआरएस की ले रहे हैं ट्रेनिंग
पिछले साल जब विवेक यूपीएससी की परीक्षा में बैठे थे तब उनका चयन आईआरएस के लिए हुआ था। मौजूदा समय में वो नागपुर में आईआरएस की ट्रेनिंग ले रहे हैं। लेकिन 2015 में आईआरएस बनने के बाद भी विवेक ने तैयारी जारी रखी और एक साल में ही ऊंची छलांग लगाकर आईएएस बन गए।
सपना पूरा करने का जुनून
विवेक का सपना था कि वो आईएएस अधिकारी बनें। इसके लिए वो जुनून के साथ तैयारी कर रहा थे। बेटे का सपना पूरा हो इसके लिए सचिवालय लखनऊ में सेक्शन ऑफिसर पिता वीपी नागेश और शिक्षिका मां रेखा नागेश हमेशा उसका उत्साहवर्धन करते। पिछली बार जब विवेक आईआरएस बने तो कुछ परेशान हुए। तब विवेक के बाबा रिटायर्ड शिक्षक शिवपाल ने समझाया कि उसकी मेहनत में कमी नहीं है, बस जरूरत है एक बार और कदम बढ़ाने की। विवेक ने बात मानी और फिर से परीक्षा में बैठे। नतीजा सबके सामने है। विवेक ने 164वीं रैंक हासिल कर 22 साल की उम्र में आईएएस बनने का गौरव हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications