लाइक्स-कमैंट्स की लत ने फिर ली एक जान, बंद फाटक पर रील्स बना रहे थे दोस्त, तभी आई दरभंगा एक्सप्रेस..
सोशल मीडिया के जमाने में आजकल हर कोई फेमस होना चाहता है। इसके लिए कई युवा रील्स बनाते हैं। लेकिन रील्स बनाने का चलन युवाओं और किशोरों के लिए खतरा बनता जा रहा है। यूपी के बाराबंकी में बीते गुरुवार इसी रील के शौक ने एक किशोर की जान ले ली। रेलवे ट्रैक पर अपने दोस्तों संग रील बनाते समय किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
जानकारी अनुसार, बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के टेरा दौलतपुर निवासी 16 वर्षीय फरमान, हफीज, सद्दीपुर निवासी नादिर व समीर गुरुवार सुबह शहाबपुर जा रहे थे। इस दौरान वे मस्ती करते हुए दामोदरपुर गांव के पास स्थित रेलवे क्रासिंग पहुंच गए। यहां रेलवे क्रासिंग बंद देखकर वे रेलवे ट्रैक किनारे जाकर अपने मोबाइल फोन से रील बनाने लगे, जिसमें पीछे से तेज रफ्तार ट्रेन आती दिखे।

इस दौरान वहां से तेज रफ़्तार दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने वाली थी। ये किशोर इस रील को इंटरनेट पर डालकर लाइक्स और कमैंट्स पाना चाहते थे। लेकिन दुर्भाग्यवश 16 वर्षीय फरमान दरभंगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गेटमैन समेत आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
उधर, फरमान के दोस्त भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने तत्काल मृतक के घर पर सूचना दी। राजकीय रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के साथियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की। उधर, फरमान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आशुतोष मिश्रा ने कहा कि रील और सेल्फी आज के युवाओं और किशोरों का फैशन बन गया है। इसको लेकर आए दिन हादसे होते हैं। रील बनाना गलत बात नहीं है, लेकिन अधिक लाइक व कमेंट की लालच में जोखिम न उठाएं। अपना और अपनों का ध्यान रखें। इसके लिए लोगों के जागरूक होने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications