केशव मौर्या के 12 FB अकाउंट की ये है सच्चाई, आपत्तिजनक तस्वीरों पर केस दर्ज
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर अपत्तिजनक पोस्ट डालने का मामला सामने आया है। कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर 4 फर्जी फेसबुक अकाउंट बंद करा दिए गए हैं। इन्हें चलाने वाले शातिरों की तलाश आईपी एड्रेस ट्रेस कर पता लगाई जा रही हैं। पुलिस से की गई शिकायत में केशव मौर्य के नाम से 12 फर्जी अकाउंट चलने की शिकायत के बाद साइबर सेल भी सक्रिय हो चुकी है और लगातार फेसबुक पर होने वाली अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि केशव मौर्य सोशल नेटवर्किंग साइट पर बेहद ही एक्टिव रहते हैं। उनका आईटी सेल उनके सोशल एकाउंट को संभालता व अपडेट करता है, लेकिन पिछले कुछ समय से केशव मौर्य के नाम पर 12 फर्जी एकाउंट केवल फेसबुक पर ही बन गए। इनसे हजारों लोग भी जुड़ गए, लेकिन विवादित अपडेट और अपत्तिजनक तस्वीरों से मौर्य की किरकिरी होने लगी या ये कहें कि फर्जी एकाउंट से डिप्टी सीएम की छवि को टारगेट किया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही डिप्टी सीएम के आईटी सेल के सचिव एके कनौजिया ने कैंट थाने में आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया है।

मामले में एसएसपी इलाहाबाद ने फेसबुक मुख्यालय से संपर्क कर 4 फर्जी एकाउंट को तत्काल बंद करवा दिया हैं, जबकि अन्य के लिए जांच व कार्रवाई चल रही है। मामले की जांच एसपी क्राइम कर रहे हैं और साइबर सेल की यूनिट यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी एकाउंट बनाने के पीछे कौन है।












Click it and Unblock the Notifications