Umaria News : पुष्पा फिल्म स्टाइल में नदी में फेंकी सागौन की सिल्ली, तस्करों और वन अमले के बीच हुई फायरिंग
Umaria News : पुष्पा फिल्म के रूप में लाल चंदन चोर को मूवी में महिमा मंडित किया गया था। उस पिक्चर की ही स्टाइल में उमरिया जिले में सक्रिय सागौन चोर अपना कारनामा दिखाने लगे हैं। बीती रात जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी करके ले जा रहे तस्करों को जब वन अमले ने घेर लिया तो उन्होंने सारी लकड़ी नदी में फेंक दी और खुद जंगल में छिप गए। अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में छिपे लकड़ी चोरों ने फायरिंग भी कर दी। जवाब में वन अमले के कर्मचारियों ने भी हवाई फायर किया।

तस्कर हुए भागने में कामयाब
हालांकि इस फायरिंग में किसी के भी घायल होने की कोई सूचना सामने नहीं आई है। इतना कुछ होने के बावजूद लकड़ी चोरों को पकड़ा नहीं जा सका और वे जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। ददरी नहर में मिली लकड़ी रात को लकड़ी चोरों के मौके से भाग जाने के बाद मुख्यालय से सटे ददरी गांव स्थित नदी में लगभग 4 लाख की इमारती लकड़ी जब्त की गई है। बताया गया है कि पानी के बहाव के कारण नदी में फेंकी गई सागौन की लकड़ी काफी दूर तक बह गई थी।

सागौन की लकड़ी जब्त
वन अमले ने 4 नवंबर की सुबह से लकडि़यों को एककट्ठा करना शुरू किया और 12 बजे के करीब इस काम को खत्म किया। रेग्युलर फारेस्ट और वन विकास निगम की संयुक्त कार्रवाई में 2 घन मीटर से ज्यादा सागौन की लकड़ी जब्त होने की सूचना सामने आई है।

लकड़ी निकालने के लिए ट्रैक्टर का लिया गया सहारा
वन विभाग को नहर से लकडि़यां निकालने में खासा मेहनत का सामना करना पड़ा। सागौन की मोटी-मोटी लकडि़यों को नहर से निकालने के लिए उन्हें रस्सियों से बांधकर ट्रैक्टर से खींचना पड़ा तब कहीं वन अमले की टीम सफलता मिल सकी। इस कार्य में वन विभाग के अमले को लगभग 6 घंटे का समय खपाना पड़ा। हालांकि वन विभाग ने चोरों की कोशिश को नाकाम कर दिया था जिसमें वन अमले में उत्साह था।

दोनों तरफ से हुई फायरिंग
बताया जाता है कि सूत्रों से मिली जानकारी पर जैसे ही वन विभाग मौका पर पहुंचा और अपनी कार्रवाई करने लगा इसी दौरान जंगल में छिपे लकड़ी तस्करों ने फायरिंग कर दी। संयोग से इस फायरिंग में किसी को भी गोली नहीं लगी अन्यथा अंधेरे में कुछ भी होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। लकड़ी तस्करों की तरफ से फायरिंग होते ही वन अमले ने भी हवा में 1 गोली चलाई। जैसे ही लकड़ी चोरों को इस बात का अहसास हुआ कि वन अमला भी हथियारबंद है तो तस्कर दुम दबाकर भाग निकले।












Click it and Unblock the Notifications