Sawan 2023: महाकाल मंदिर के आसपास का ट्रैफिक प्लान तैयार, कुछ ऐसी रहेगी व्यवस्था
धार्मिक नगरी उज्जैन में कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम की अध्यक्षता में आगामी पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, एडीएम अनुकूल जैन, नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, प्रशासक महाकलेश्वर मंदिर प्रबंध समिति संदीप सोनी मौजूद थे।
बैठक में समिति के सदस्यों ने सुझाव दिये कि आगामी पुरूषोत्तम मास को ध्यान में रखते हुए वैष्णव समाज के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए काफी संख्या में लोग आते हैं, अत: मंदिरों के आस-पास के क्षेत्र में चार पहिया वाहन का प्रवेश पूर्णरूप से प्रतिबंधित किया जाये। गोला मंडी में स्थित पुरूषोत्तम मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाये।

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
पुरूषोत्तम मास में सप्त सागरों में जाकर लोग पूजा अर्चना करते हैं, गोवर्धन सागर और अन्य प्रमुख सागरों से अतिक्रमण हटाया जाये। सागरों का जल साफ करवाया जाये। दूध तलाई स्थित गुरूद्वारे के पास से मछली बाजार को हटवाया जाये। कंठाल से गोपाल मंदिर तक अतिक्रमण को हटाया जाये। सवारी मार्ग के निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। शहर के प्रमुख स्थानों और मंदिरों के आस-पास साफ सफाई की व्यवस्था की जाए। केडी गेट से इमली बाजार तक ट्रेफिक और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरूस्त की जाए। समिति के सदस्यों का आई कार्ड बनवाया जाए। सप्त सागर और 84 महादेव मंदिरों की यात्रा काफी संख्या में पुरूषोत्तम मास में लोग करते हैं, यहाँ सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाये।
महाकाल सवारी में रखा जाएगा इस बात का ध्यान
भगवान महाकालेश्वर की सवारी मार्ग में लगाये गये बेरिकैट की ऊंचाई निश्चित की जाये ताकि दूसरी ओर से श्रद्धालुओं को भगवान महाकलेश्वर के दर्शन बिना किसी परेशानी के हो सके। भगवान महाकालेश्वर की पालकी की ऊंचाई बढ़ाई जाए। भगवान महाकलेश्वर के लड्डू प्रसाद का शुल्क कम किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों पर विचार किया जाएगा तथा जो समस्याएं रखी गयी है उन्हें निराकृत किया जाएगा। अगले 2 माह में महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के इलाकों को नो व्हीकल झोन बनाया जाएगा। ई-रिक्शा चालकों के लिए टैरिफ निर्धारित किये जाएंगे। कलेक्टर ने एमपीईबी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि विद्युत संबंधि शिकायतों का निराकरण कम से कम समय में करने का प्रयास किया जाए।
ये भी पढ़े- Sawan 2023: Mahakal मंदिर के गर्भ गृह में 4 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रवेश पर लगी रोक, ये है कारण












Click it and Unblock the Notifications