Sawan 2023: प्रजा का हाल जानने निकलेंगे बाबा महाकाल, अधिकारियों ने जाना सवारी मार्ग का हाल
प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में संभागायुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ श्रावण एवं भादौ माह की निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के पारम्परिक मार्ग का एवं मन्दिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
संभागायुक्त एवं आईजी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सर्वप्रथम महाकाल लोक से शंख द्वार से होते हुए महाकाल मन्दिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों से निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की और निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के अवलोकन के बाद मन्दिर के मुख्य द्वार से ई-रिक्शा से कोट मोहल्ला चौराहा होते हुए गुदरी चौराहा से रामघाट, रामघाट से गणगौर दरवाजा, कार्तिक चौक, खाती समाज जगदीश मन्दिर, ढाबा रोड, मावा बाजार, छत्रीचौक, गोपाल मन्दिर, पटनी बाजार सवारी मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद महाकाल लोक के कॉरिडोर में स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर मन्दिर परिसर एवं मन्दिर के बाहर विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने गुदरी, हरसिद्धि की पाल, रामघाट, गोपाल मन्दिर सहित समस्त सवारी मार्ग में व्यवस्थित बेरिकेटिंग करने के निर्देश दिये।
10 जुलाई को भगवान महाकालेश्वर की पहली सवारी
श्रावण एवं भादौ मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के क्रम में प्रथम सवारी 10 जुलाई को निकाली जायेगी। द्वितीय सवारी 17 जुलाई को, तृतीय सवारी 24 जुलाई को, चतुर्थ सवारी 31 जुलाई को, 7 अगस्त को पांचवी सवारी और 14 अगस्त को छटी सवारी को निकाली जायेगी। सातवी सवारी एवं नागपंचमी पर्व सोमवार 21 अगस्त को, आठवी सवारी 28 अगस्त, नौंवी सवारी 4 सितम्बर और प्रमुख व शाही सवारी सोमवार 11 सितम्बर को निकाली जायेगी।
ये भी पढ़े- Sawan 2023: पहले दिन महाकाल दरबार में पहुंचे 2 लाख श्रद्धालु, कलेक्टर बोले- निशुल्क हो रहे दर्शन












Click it and Unblock the Notifications