Ujjain news: कमिश्नर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, हेलमेट की अनिवार्यता का खास प्लान तैयार
उज्जैन में संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि वे दोपहिया वाहन चालकों को संभावित सड़क दुर्घटना से बचाने के लिये हेलमेट लगाने की अनिवार्यता के सम्बन्ध में एक कार्य योजना बनायें।

Recommended Video

धार्मिक नगरी उज्जैन में संभागायुक्त संदीप यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि वे दोपहिया वाहन चालकों को संभावित सड़क दुर्घटना से बचाने के लिये हेलमेट लगाने की अनिवार्यता के सम्बन्ध में एक कार्य योजना बनायें। सभी जिले दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिये प्रेरित करें। हेलमेट की उपयोगिता की समझाईश दें तथा तत्सम्बन्ध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। संभागायुक्त ने सभी टोल नाकों पर एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड हेतु एक पृथक लाइन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। संभागायुक्त ने कहा कि, सभी टोल नाकों पर लगभग चार लाइन होती है, लेकिन टोल नाके वाले दो लाइन में पत्थर या ड्रम रखकर उसे बन्द कर देते हैं। इन दो लाइन में से एक लाइन खुलवाई जाये, जिससे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं वीआईपी वाहन बिना समय गंवाये जा सकें। संभागायुक्त ने बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की।
गाईड लाइन का पालन कड़ाई से किया जाए
बैठक में संभागायुक्त ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि वे यह सुनिश्चित करें कि शहर को जोड़ने वाले ऐसे मार्ग जो एमपीआरडीसी एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क विकास निगम अथवा अन्य निर्माण संस्थाओं द्वारा निर्मित किये गये हैं, उन मार्गों पर अनिवार्य रूप से संकेतक लगायें। जो माइलस्टोन, डिवाइर खराब हो चुके हैं, उनकी तत्काल मरम्मत की जाये। डिवाइडरों की मरम्मत समय-समय पर होती रहे। संभागायुक्त ने कहा कि जो डिवाइडर बीच-बीच से टूटे हैं, उन्हें पुन: जोड़ने की कार्यवाही भी की जाये। संभागायुक्त ने कहा कि, सभी यात्री बसों में शासन की गाईड लाइन के अनुसार दिव्यांग यात्रियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिये सीटों का आरक्षण पूर्ववत रहे और इस गाईड लाइन का पालन कड़ाई से किया जाये। बताया गया कि, स्कूली बसों में महिला कंडक्टर की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं
संभागायुक्त ने नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार के नेतृत्व में नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्र में कतिपय लोगों द्वारा सड़कों पर जो अतिक्रमण किये गये हैं, उसे हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि, अतिक्रमण पर स्थाई एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। संभागायुक्त ने कुछ माह पूर्व रतलाम के सतरूंडा चौराहे पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना के सम्बन्ध में रतलाम कलेक्टर द्वारा की गई कार्यवाही की जानकारी ली। बताया गया कि 100-100 मीटर तक सड़क छोड़ी जायेगी। इसके लिये शासन से आवश्यक राशि की मांग की गई है। संभागायुक्त ने उज्जैन कलेक्टर को निर्देश दिये कि दर्शनार्थियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन में वृद्धि को देखते हुए शहर में यातायात की समुचित व्यवस्था की जाये। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने जिले में नियमित रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करें और बैठक में संभाग स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही से उन्हें अवगत करायें।
ये भी पढ़े- MP: CM Helpline के आवेदकों से सीएम शिवराज का संवाद, जाना प्रकरणों का स्टेटस












Click it and Unblock the Notifications