Ujjain में पहली बार CM ने किया झंडावंदन, प्रदेशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की बधाई
प्रदेशभर में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां प्रदेश के मुखिया सीएम डॉ. मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उज्जैन के दशहरा मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली, और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं।
गणतंत्र दिवस पर पहली बार ऐसा मौका आया है, जब सीएम ने उज्जैन में ध्वज फहराया है। दशहरा मैदान पर आयोजित हुए गणतंत्र दिवस समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने परेड की सलामी ली।

प्रदेशवासियों के नाम दिया संदेश
सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश देते हुए कहा कि, भारतीय गणराज्य के 75वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह एक अद्भुत संयोग है कि राष्ट्र पर्व के ठीक पहले राष्ट्र गर्व के एक महान प्रसंग ने अयोध्या में स्वर्णिम अध्याय रच दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 21वीं सदी के ऐसे रोमांचक दौर से गुजर रहा है, जब 'सबका साथ, सबका विकास' लोकतंत्र का शरीर और राम राज्य लोकतंत्र की आत्मा बन गए हैं।
सीएम मोहन यादव ने कही ये बात
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, मध्यप्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में प्रारंभ से ही अग्रणी रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश को 416 पीएमश्री विद्यालयों की सौगात दी है। प्रदेश में अब तक 369 सीएम राइज विद्यालयों का संचालन प्रारंभ हो चुका है। जनजातीय गौरव दिवस के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान "पीएम जन-मन" प्रारंभ कर विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास की क्रांतिकारी शुरुआत की गई है। सरकार ने उज्जैन में आगामी महाशिवरात्रि पर्व से गुड़ी पड़वा पर्व तक विक्रमोत्सव-2024 एवं विशाल व्यापार मेले के आयोजन का निर्णय लिया है।
ये भी पढ़े- Indore News: कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया ध्वजारोहण, 12 विभागों की झांकियों ने जीता दिल












Click it and Unblock the Notifications