उज्जैन: इंतजार हुआ पूरा, इस दिन महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे PM MODI
उज्जैन, 19 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन आने वाले हैं, जहां वे महाकाल कॉरिडोर के तहत तैयार हुए महाकाल पथ फेस 1 का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन भी प्राप्त करेंगे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 11 अक्टूबर को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन आएंगे। यह जानकारी खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने उज्जैन दौरे के दौरान दी है। वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्जैन दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी जाएंगी।

11 अक्टूबर को आएंगे पीएम नरेंद्र मोदी
धार्मिक नगरी उज्जैन के दौरे पर आए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को धार्मिक नगरी उज्जैन आ रहे हैं, जहां वह महाकाल दर्शन करने के बाद महाकाल विस्तारीकरण योजना के तहत तैयार हुए महाकाल पथ, रुद्रसागर और यात्री सुविधा केंद्र का लोकार्पण करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोकार्पण करने के बाद महाकाल कॉरिडोर को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले निकाय और पंचायत चुनाव के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उज्जैन दौरा निरस्त हो गया था।
देश का पहला सबसे बड़ा धार्मिक परिसर
प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में बना 900 मीटर लंबा नया कॉरिडोर भव्यता के साथ आस्था और ज्ञान का अनूठा संगम बन रहा है। यह देश का पहला सबसे बड़ा धार्मिक परिसर होगा जो पौराणिक सरोवर रूद्र सागर के किनारे विकसित हो रहा है। शिव, शक्ति और अन्य धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी करीब 200 मूर्तियां, म्यूरल्स के माध्यम से इसे सजाया गया है। श्रद्धालु शिव जी की अनसुनी कथाएं इनसे जानेंगे।
उज्जैन दौरे पर आए सीएम शिवराज
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान धार्मिक नगरी उज्जैन के दौरे पर आए, जहां उन्होंने नृसिंह घाट स्थित स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि के आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित नवनिर्मित स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि समन्वय निलयम कार्यालय का फीता काटकर लोकार्पण किया। समन्वय निलयम कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, गोविन्ददेव गिरि महाराज एवं अन्य सन्तों ने ब्रह्मलीन सत्यमित्रानन्द गिरिजी महाराज की चरण पादुका को नमन किया।












Click it and Unblock the Notifications