MP Assembly Election 2023 की तैयारी, महाकाल सवारी में दिया जाएगा मतदाता जागरूकता का संदेश
उज्जैन में संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल ने गुरूवार को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि, राजनैतिक दल शीघ्र-अतिशीघ्र सभी मतदान केन्द्रों पर अपने ब्लॉक लेवल एजेन्टों की नियुक्ति करें।
साथ ही उन्होंने कहा कि, उनके द्वारा आज कुछ मतदान केन्द्रों का भ्रमण किया गया था। किसी भी मतदान केन्द्र में बीएलए मौजूद नहीं थे। संभागायुक्त ने कहा कि बीएलए की नियुक्ति करने से मतदाता सूची अपडेट रहेगी। सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने, घटाने आदि से सम्बन्धित जानकारी राजनैतिक दलों के सामने रहेगी।

महाकाल सवारी में देंगे संदेश
बैठक में संभागायुक्त ने बताया कि, एक अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे। बताया गया कि 80+ उम्र के मतदाता एवं दिव्यांगजन यदि घर बैठे मतदान करना चाहते हैं तो उनको एक फार्म भरकर अपनी सहमति देनी होगी। सहमति देने के बाद उनको घर बैठे मतदान करने की सुविधा दी जायेगी। बताया गया कि गत विधानसभा चुनाव में उत्तर एवं दक्षिण विधानसभा में मतदान का प्रतिशत कम था। इस विधानसभा निर्वाचन में उत्तर एवं दक्षिण में मतदान का प्रतिशत बढ़ाया जायेगा। इसके लिये अनेक प्रयास किये जायेंगे। प्रति सोमवार महाकाल की सवारी निकलती है। इस दौरान मतदान जागरूकता का सन्देश दिया जायेगा। इसके अलावा घर-घर चिट्ठी भेजकर मतदाता को मतदान करने के लिये प्रेरित किया जायेगा। मतदाताओं से कहा जायेगा कि वे स्वयं, उनके परिवारजन एवं पड़ोसी भी मतदान करें। भीड़भरे स्थानों एवं मन्दिरों के आसपास एलईडी में डिस्लेनी कर मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य भी किया जायेगा।
कुछ ऐसा है आंकड़ा
सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से जुड़े, इसके लिये विशेष शिविर भी लगाये जायेंगे। बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे भी कर रहे हैं कि किसी का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से रह तो नहीं गया है। बैठक में राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को बताया गया कि 2011 की जनगणना के अनुसार उज्जैन जिले की जनसंख्या 19 लाख 86 हजार 864 थी। वर्तमान में अनुमानित जनसंख्या 23 लाख 149 है। जिले में 2 अगस्त 2023 की स्थिति में 15 लाख एक हजार 85 मतदाता पंजीबद्ध हैं, जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या सात लाख 62 हजार 89 तथा महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख 38 हजार 927 है। इनमें 69 थर्ड जेण्डर मतदाता हैं।
ये भी पढ़े- MP Assembly Election 2023: क्या कहते हैं अलीराजपुर विधानसभा के चुनावी समीकरण, कौन पड़ेगा किस पर भारी, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications