Ujjain news: तिरुपति की तर्ज पर होंगे महाकाल दर्शन, वृंदावन की तर्ज पर परिक्रमा, CM ने दिए निर्देश
Mohan Yadav धार्मिक नगरी उज्जैन के दौरे पर आए, जहां उन्होंने विभिन्न दिशा निर्देश दिए। वर्ष 2028 में उज्जैन जिले में सिंहस्थ महापर्व का आयोजन होना है। सिंहस्थ के सफल आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए अभी से उज्जैन शहर की सड़कों एवं ट्रैफिक व्यवस्था का प्लान जिला प्रशासन तैयार करे। यह प्रयास करें कि श्रद्धालु कम से कम समय में महाकाल मन्दिर पहुंच जायें। उन्हें अनावश्यक रूप से दो-तीन किलो मीटर न चलना पड़े।
प्रशासन तिरूपति बालाजी मन्दिर की तर्ज पर महाकाल मन्दिर में कम समय में श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के दर्शन हो जाये, यह व्यवस्था सुनिश्चित करे और साथ ही कार्य योजना बनाये। इसके लिये एक टीम तिरूपति बालाजी मन्दिर जाकर वहां की व्यवस्था का अवलोकन करे। श्रद्धालुओं को कम समय में बाबा महाकाल के सुलभ दर्शन हो जायें, इसकी कार्य योजना बनाई जाये। उक्त निर्देश प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन में आयोजित शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिये।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि, जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के पग पड़े हैं, उन स्थानों को धार्मिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जायेगा। नारायणाधाम भी एक ऐसी ही जगह है। नारायणाधाम को तीर्थधाम के रूप में विकसित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचक्रोशी यात्रा की तर्ज पर पूर्णिमा पर भी परिक्रमा यात्रा निकाली जायेगी। परिक्रमा यात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। यह प्रयास किया जायेगा कि वृंदावन में परिक्रमा की तर्ज पर महाकाल दर्शन के बाद श्रद्धालु चिन्तामन गणेश मन्दिर, हरसिद्धि मन्दिर, कालभैरव मन्दिर, मंगलनाथ मन्दिर, सान्दीपनि आश्रम आयें और पुन: महाकाल मन्दिर आयें। इस बीच श्रद्धालु शिवाय नम:, विष्णु नम: बोलकर साक्षी गोपाल मन्दिर के दर्शन भी करें, तभी उनकी यह परिक्रमा यात्रा पूर्ण मानी जायेगी। पंचक्रोशी मार्ग पर पड़ने वाले करोहन, नलवा, उंडासा, अंबोदिया, जैथल आदि पड़ाव स्थलों को श्रद्धालुओं के लिये विकसित किया जायेगा। स्थाई पड़ाव बनाने के लिये स्ट्रक्चर विकसित किये जायेंगे।
डॉ.यादव ने कहा कि जिले की समस्त पुरातात्विक महत्व की सम्पत्तियों का रिनोवेशन प्राथमिकता से किया जायेगा। उज्जैन में कोठी पैलेस, ग्राण्ड होटल एवं महाराजवाड़ा को नया स्वरूप प्रदान किया जायेगा और इन सम्पत्तियों का समुचित उपयोग किया जायेगा।
ये भी पढ़े- Mahakal को श्रद्धालु ने भेंट किया चमचमाता मुकुट, कीमत जानकर हैरान रह जाएंगे












Click it and Unblock the Notifications