आखिरी फिल्म में उदयपुर के घसीटेराम हलवाई के पोते के रूप में नजर आए इरफान खान
उदयपुर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान दुनिया से रुखसत हो गए। 29 अप्रैल 2020 को उनका निधन हो गया। मुम्बई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में उन्होंने अंतिम सांस ली। 7 जनवरी 1967 को जयपुर में जन्मे इरफान खान ने बॉलीवुड ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में भी काम किया।

इरफान खान की लास्ट फिल्म थी ‘अंग्रेजी मीडियम'
राजस्थान के उदयपुर से भी इरफान खान का खास जुड़ाव रहा है। उनकी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम' की पूरी कहानी उदयपुर के एक हलवाई पर आधारित है। फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम' की कहानी उदयपुर में रहने वाले चंपक की है। चंपक की भूमिका में इरफान खान उदयपुर के मशहूर हलवाई घसीटेराम के पोते बने थे। यह इरफान खान की आखिरी फिल्म थी।

इरफान खान ने निभाया चंंपक जैन का किरदार
फिल्म में घसीटेराम के नाम का इस्तेमाल करने के लिए एक लंबा चौड़ा खानदान आपस में लड़ाई कर रहा होता है। निर्देशक होमी अदाजानिया ने इस परिवार की कहानी को बड़ी ही खूबसूरती के साथ पर्दे पर उतारा। इरफान खान ने चंपक जैन के किरदार में अपने अभिनय की गहरी छाप छोड़ी।

घसीटेराम मिष्ठान भंडार की तस्वीर वायरल
बुधवार को अभिनेता इरफान खान के निधन की खबर से उदयपुर में भी उनके प्रशंसकों में मायूसी छा गई। उदयपुर के हलवाई परिवार पर आधारित ‘अंग्रेजी मीडियम' की शूटिंग की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होने लगी, जिसमें इरफान खान घसीटेराम मिष्ठान भंडार के बाहर खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications