Tikamgarh के अमरपुर में कुएं का दूषित पानी पीने से 3 की मौत, 60 से अधिक बीमार, स्वास्थ्य टीमों डेरा जमाया
Tikamgarh: मानसून की लगातार बारिश के चलते अब संक्रामक बीमारियां तेजी से पैर पसारने लगी हैं। मप्र के टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव के अमरपुर में कुंए का दूषित पानी पीने से दर्जनों लोग बीमार हो गए। वहीं इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई...

बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले के अमरपुर गांव में डायरिया फैल गया है। लगातार बारिश और जलस्रोत दूषित होने से गांव में बीमारी फैल गई। गांव में लगभग हर घर में लोग बीमार हैं। इसी बीच गांव में डायरिया का संक्रमण बढ़ने से तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप किए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव तहसील के अमरपुर गांव से दर्जनों लोगों को उल्टी-दस्त होने की सूचना आई थी। तत्काल जिला प्रशासन को सूचना देकर टीमों को गांव में भेजा गया था। पहले दिन गांव में करीब 60 लोग डायरिया से पीड़ित बताए गए हैं। ब्लॉक मेडिकल आफिसर बड़ागांव डॉ. शांतनु दीक्षित ने मीडिया को बताया कि दूषित पानी पीने से गांव में उल्टी-दस्त फैल गई। एक दिन पहले बीमारी से भूरी बाई और भरोसा लोधी की मौत हो गई थी। शुक्रवार को महिला सक्कू पत्नी जमूरा अहिरवार की भी मौत हो गई। कुल तीन लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य टीम अमरपुर गांव पहुंची।

मरीजों का इलाज रहा है, जलस्रोतों में दवाएं डलवाईं है
टीकमगढ़ के सीएमएचओ एसआर रोशन ने बताया कि बड़ागांव के अमरपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें कैंप कर पीड़ितों का इलाज कराया जा रहा है। तीन की मौत हुई है। बाकी सभी स्वस्थ्य हैं। कई मरीजों को घरों में ही इलाज दिया गया है। गांव के जलस्रोत, कुओं में पानी स्वच्छ करने के लिए दवाएं डलवाईं गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications