Environment day 2021: कोरोना वॉरियर सूरत में लगाएंगे तुलसी के 2 लाख पौधे, नीम भी बोएंगे
सूरत। आज विश्व पर्यावरण दिवस है। देश-दुनिया से आज के दिन पर्यावरण-प्रहरियों के प्रयास और पहल की कहानियां सामने आ रही हैं। वनीकरण विभाग और सूरत के उपवन संरक्षक दिनेश रबारी का कहना है कि, सूरत शहर व जिले के पीएचसी-सीएचसी में कोरोना वाॅरियर 2 लाख तुलसी के पौधे लगाएंगे। इसके लिए जिले की विभिन्न नर्सरी में तुलसी के पौधे उगाए गए हैं। अब ये पौधे नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।

कोरोना वॉरियर्स लगाएंगे तुलसी और नीम
इन पौधों को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कोरोना योद्धाओं के हाथों लगवाया जाएगा। वे 3 से 4 हजार नीम के पौधे भी रोपेंगे। इस तरह पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा।
उपवन संरक्षक दिनेश रबारी ने बताया कि, वन विभाग द्वारा विभिन्न नर्सरी में विशेष महत्व की तुलसी की खेती के लिए जो पौधे उगाए गए हैं, उनकी बहुत देखभाल की गई। उन्होंने कहा, यूं तो सूरत के सामाजिक वनीकरण विभाग की ओर से हर साल पर्यावरण दिवस मनता है, लेकिन इस बार बड़ी मात्रा में तुलसी के पौधे लगाने की पहल की जा रही है।

ग्लोबल वार्मिंग से निपटने में है मददगार
गुजरात के कई शहरों में वृक्षारोपण कराने वाले गायत्री परिवार ने कहा कि, मौजूदा समय में दुनिया के सामने ग्लोबल वार्मिंग बड़ी चुनौती है। लोगों को जागरुक करते हुए हम बरसों से वृक्षारोपण कर रहे हैं। तुलसी भी लगाएंगे। हिंदू मजहब के अनुयायियों में तुलसी के पौधे का बहुत ज्यादा महत्व है। लोग इसकी पूजा करते हैं। साथ-साथ आयुर्वेदिक दवाईयों में भी इस पौधे की पत्तियों का खूब इस्तेमाल हो रहा है। बाजार में तुलसी का अर्क बिकता है। सूरत और वडोदरा में कई जगह इसकी नर्सरी हैं। वनविभाग इसमें मदद करता है।













Click it and Unblock the Notifications