Saroj kumari IPS : जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद ग्रामीण वेशभूषा में नजर आईं आईपीएस सरोज कुमारी
झुंझुनूं, 23 अक्टूबर। गुजरात कैडर की तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी सरोज कुमारी के घर दोहरी खुशी आई है। इन्होंने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जिसमें एक बेटा व एक बेटी है। खुद आईपीएस सरोज कुमारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर यह जानकारी शेयर की है।

नवजात बच्चों की तस्वीरें शेयर कीं
आईपीएस अधिकारी सरोज कुमारी ने दोनों नवजात बच्चों की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि भगवान ने आशीर्वाद स्वरूप बेटा-बेटी दिए हैं। सरोज कुमारी द्वारा शेयर की गई अपनी पहली संतान की यह पोस्ट सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

राजस्थान की बेटी हैं आईपीएस सरोज कुमारी
गुजरात पुलिस की आईपीएस अधिकारी और राजस्थान की बेटी सरोज कुमारी के घर दोहरी खुशी आई। अक्सर वर्दी में नजर आने वाली यह आईपीएस बच्चों के जन्म के मौके पर अपनी ग्रामीण पृष्ठभूमि को नहीं भूलीं और ग्रामीण महिलाओं की वेशभूषा लहंगा चूनरी में नजर आई हैं।

डॉक्टर मनीष सैनी से हुई आईपीएस सरोज कुमारी की शादी
बता दें कि आईपीएस सरोज कुमारी की शादी दिल्ली के जाने-माने डॉक्टर मनीष सैनी से हुई हैं। डॉ. मनीष सैनी व आईपीएस सरोज कुमारी ने जून 2019 में शादी की थी। सरोज कुमारी के पति मनीष सैनी ने भी नवजात बच्चों की तस्वीरें शेयर की हैं।

सरकारी स्कूल में पढ़कर बनीं आईपीएस
आईपीएस सरोज कुमारी की जिंदगी उन लोगों के लिए मिसाल है, जो सोचते हैं कि सरकारी स्कूलों में पढ़कर कुछ नहीं बना जा सकता है। सरोज कुमारी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव बुडानिया के सरकारी स्कूल से ही की और आज वर्ष 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। ये वो इकलौती आईपीएस अधिकारी हैं, जिसने माउंट एवरेस्ट फतह करने के मिशन में हिस्सा लिया।

मिल चुका है कोविड-19 महिला योद्धा का अवार्ड
महिला आईपीएस अधिकारी सरोज कुमारी को कोरोना महामारी के दौरान किए गए कामों की बदौलत कोविड-19 महिला योद्धा का अवार्ड भी मिल चुका है। इन्होंने लॉकडाउन में जरूरतमंद लोगों का पेट भरने के लिए साथी महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर पुलिस रसोई शुरू की थी, जिसमें लोकडाउन में रोजाना छह सौ लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।

काम से हैं सरोज कुमारी की पहचान
गुजरात पुलिस की आईपीएस अधिकारी सरोज कुमारी ने अपने काम के दम पर पहचान बनाई है। ये बोटाद एसपी थीं तब कई महिलाओं को जिस्म फरोशी के दलदल से बाहर निकाला। वडोदरा में बारिश के दौरान लोगों को रेस्क्यू करते हुए भी इनकी तस्वीरें वायरल हुईं।

बुडानिया गांव से पहली महिला आईपीएस
वन इंडिया से बातचीत में आईपीएस सरोज कुमारी के भाई पूर्व सरपंच रणधीर सिंह बुडानिया ने बताया कि उन्हें गर्व है कि उनकी बहन उनके गांव से पहली महिला आईपीएस हैं। दोनों बच्चों का जन्म करीब दो माह पहले हुआ था। स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें चार-पांच दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली है। बहन व नवजात भांजा-भाणजी स्वस्थ्य हैं।
आईपीएस सरोज कुमारी की जीवनी
बता दें कि आईपीएस सरोज कुमारी का जन्म राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा उपखंड के गांव बुडानिया में बनवारी लाल मेघवाल व सेवा देवी के घर हुआ। वर्तमान में सूरत डीसीपी के पद पर सेवाएं दे रही हैं। बोटाद जिले में एसपी भी रह चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications