पंजाब की जीत का असर गुजरात तक: पार्षद मनीषा BJP से वापस AAP में आईं, छोड़ गई थीं पार्टी
सूरत। पंजाब के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की तगड़ी जीत का गुजरात तक पड़ा है। हां जी, यहां आप के प्रति लोगों की सियासत में दिलचस्पी बढ़ रही है। आप के जिन नेताओं ने पार्टी छोड़कर दूसरा दल ज्वॉइन कर लिया था, वे अब वापसी की राह पर हैं। इनमें पार्षद मनीषा कुकड़िया भी हैं, जिन्होंने 38 दिन पहले आप को छोड़ दिया था। वह भाजपा में चली गई थीं।

वापस आप में आ गईं मनीषा
अब मनीषा वापस आम आदमी पार्टी (आप) में आ गई हैं। उन्होंने कहा है कि, मुझे गुमराह किया गया था। मैं मुश्किल में फंस गई थी, लेकिन अब मेरी घर वापसी हो गई है। वहीं, सूरत में आप के संगठन मंत्री मनोज सोरठिया ने कहा कि आप छोड़ने वाले 4 पार्षदों ने ही मनीषा को गुमराह किया था। उन्हें मोटी रकम ऑफर की गई थी। मनीषा को अपने ही समाज के बीच सुरक्षा लेकर रहना पड़ रहा था। जहां उसे घुटन महसूस होने लगी थी। उसे वापस हमारे पास आना ही पड़ा।

'बाकी पार्षद भी जल्द पार्टी में वापसी करेंगे'
आप के संगठन मंत्री मनोज सोरठिया बोले कि, हमारी पार्टी का गुजरात में निरंतर कद बढ़ रहा है। हमने केजरीवाल जी की अगुवाई में पंजाब में धमाकेदार जीत हासिल की है। अब यहां के विधानसभा चुनाव की तैयारियां करेंगे। उन्होंने पार्षद मनीषा कुकड़िया के फिर आप में आने पर कहा कि, अब उन्हें अपनी गलती का अहसास हो गया है। उन्होंने कहा है कि, 'मुझे गुमराह किया गया था।' आप ने दावा किया है कि, अब बाकी पार्षद भी जल्द पार्टी में वापसी करेंगे।

इसी साल गुजरात में विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि, 38 दिन पहले मनीषा समेत आप के 5 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे। मगर, बीते रोज मनीषा प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया, संगठन मंत्री मनोज सोरठिया, प्रदेश प्रभारी गुलाबसिंह यादव की मौजूदगी में फिर से आप में शामिल हो गईं। इसे आप अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है। चूंकि, इसी साल गुजरात में विधानसभा चुनाव होना है। उससे पहले आम आदमी पार्टी खुद को मजबूत बनाने में लगी हुई है।
सियासत के जानकारों का कहना है कि, गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा को आप अच्छी-खासी टक्कर दे सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के लिए ज्यादा नुकसानदेह साबित होगी। बीते नगर निगम चुनाव में आप की वजह से कांग्रेस का जनाधार कम हो गया। हालांकि, भाजपा पहले नंबर पर ही रही।












Click it and Unblock the Notifications