Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

कौन हैं मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक के वारिस?

दुनिया के सबसे बड़े मीडिया व्यापारी रुपर्ट मर्डोक ने अपनी दोनों कंपनियों फॉक्स न्यूज और न्यूजकॉर्प के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. उनके बड़े बेटे लाकलन मर्डोक उनकी गद्दी संभालेंगे.

अपने दशकों लंबे करियर की शुरुआत मर्डोक ने ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में एक छोटे से अखबार से की थी, जो उनके पिता ने शुरू किया था. आज वह एक खरबपति उद्योगपति हैं और दुनिया के तमाम बड़े देशों में उनके मीडिया साम्राज्य हैं. अमेरिका में उनका चैनल फॉक्स न्यूज राजनीति को प्रभावित करने वाला मीडिया संस्थान रहा है.

बीते सालों में मर्डोक के बच्चे जेम्स, लाकलन, एलिजाबेथ और प्रूडेंस भी लगातार सुर्खियों में रहे हैं. आपसी विवादों और दूसरे उद्योगों को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों के कारण मर्डोक परिवार अक्सर खबरों में बना रहता है. चार शादियों से मर्डोक के छह बच्चे हैं.

लाकलन मर्डोक

52 साल के लाकलन मर्डोक रुपर्ट मर्डोक की दूसरी पत्नी आना के बेटे हैं. वह फिलहाल फॉक्स कॉर्प के सीईओ हैं. पिता के रिटायर होने पर न्यूज कॉर्प का अध्यक्ष पद उन्हें ही मिलेगा.

लाकलन 2019 में फॉक्स कॉर्प के सीईओ बने थे. इससे पहले चार साल तक वह फिल्म निर्माण कंपीन 21 सेंचुरी फॉक्स का कामकाज देख रहे थे जिसे 2015 में डिज्नी ने खरीद लिया था. तब उनके भाई जेम्स फॉक्स के मनोरंजन व्यापार के सीईओ थे. विश्लेषकों के मुताबिक पिता ने अपने दोनों बेटों के बीच यह बंटवारा किया था ताकि कोई विवाद ना हो.

1990 और 2000 के दशक में लाकलन ने अपने पिता के व्यापार में खासी तरक्की की. 2000 से 2005 तक उन्होंने कंपनी में डिप्टी चीफ के रूप में काम किया. तब वह फॉक्स न्यूज टेलीविजन और न्यूयॉर्क पोस्ट के प्रमुख थे.

सीएनएन के मुताबिक लाकलन ने कुछ समय के लिए कंपनी छोड़ दी थी क्योंकि उनका एक अधिकारी रॉजर आइल्स के साथ विवाद हो गया था. दस साल के अंतराल पर उनकी 21 सेंचुरी फॉक्स के जरिये वापसी हुई. इस बीच उन्होंने अपनी निवेश कंपनी इलीरा प्राइवेट लिमिटेड भी बनायी.

कौन हैं जेम्स मर्डोक?

लाकलन के छोटे भाई जेम्स भी रुपर्ट मर्डोक की दूसरी शादी से हैं. 21 सेंचुरी फॉक्स के सीईओ रहते हुए उन्होंने न्यूजकॉर्प में कई जिम्मेदारियां संभालीं. लेकिन वॉल स्ट्रीट जर्नल और न्यूयॉर्क पोस्ट में प्रकाशित हो रही सामग्री से वह खुश नहीं थे. इसलिए उन्होंने पब्लिशर्स बोर्ड से इस्तीफा दे दिया.

उदारवादी मर्डोकके रूप में जाने जाने वाले जेम्स ने 2020 में अपने इस्तीफे में लिखा कि वह कंपनी के कुछ रणनीतिक फैसलों और अखबारों में प्रकाशित हो रही सामग्री पर असहमति के कारण पद छोड़ रहे हैं. उन्होंने पहले भी सरेआम न्यूजकॉर्प और फॉक्स न्यूज की कवरेज की आलोचना की थी.

व्यापार संभालने से पहले जेम्स हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे. लेकिन 1995 में अपनी संगीत कंपनी बनाने के लिए उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी. बाद में उनकी कंपनी रॉकस रिकॉर्ड्स को न्यूजकॉर्प ने ही खरीद लिया.

जेम्स भारत में स्टार इंडिया और ब्रिटेन में स्काई न्यूज के सीईओ भी रहे. 2011 में न्यूज ऑफ द वर्ल्ड अखबार के फोन हैकिंग स्कैंडल में रुपर्ट मर्डोक के साथ उनका भी नाम आया था लेकिन दोनों ने ही उस घटना में कोई भूमिका होने से इनकार किया था.

एलिजाबेथ मर्डोक

रुपर्ट मर्डोक की दूसरी शादी से पैदा हुईं एलिजाबेथ सबसे बड़ी हैं. वह कई दशकों तक अपने पिता के साथ काम करती रहीं और मर्डोक साम्राज्य में उन्हें अहम जिम्मेदारियां मिलने की बात अक्सर उठती रही.

लेकिन भाइयों की तरह की जिम्मेदारियां उन्हें कभी नहीं मिलीं. 1990 के दशक में वह स्काई नेटवर्क्स की मैनेजिंग डाइरेक्टर रहीं. लेकिन 2000 की शुरुआत में उन्होंने तब इस्तीफा दे दिया जब उन्हें सीईओ नहीं बनाया गया.

विवादित और प्रभावशाली फॉक्स न्यूज

एक साल बाद उन्होंने अपनी मीडिया कंपनी शाइन शुरू की, जिसे 2011 में न्यूजकॉर्प ने खरीद लिया. पहले तो उनकी हैसियत थोड़ी बढ़ी लेकिन शाइन को एक अन्य कंपनी के साथ मिला दिया गया और उन्हें रोजमर्रा के काम से अलग कर दिया गया.

2019 में उन्होंने एक और मीडिया कंपनी सिस्टर बनाई और तब से वह उसे ही संभाल रही हैं. साथ ही वह मनोरंजन और रचनात्मक उद्योगों में मददगार के रूप में भी जानी जाती हैं.

प्रूडेंस मर्डोक मैक्लॉयड

प्रूडेंस मर्डोक मैक्लॉयड रुपर्ट मर्डोक के बच्चों में सबसे बड़ी हैं. वह उनकी पहली पत्नी पैट्रिशिया की संतान हैं. उन्होंने परिवार के व्यापार में कभी ज्यादा दिलचस्पी नहीं ली है लेकिन वह भी परिवार ट्रस्ट में हिस्सेदार हैं और अपने भाई-बहनों की तरह का हक रखती हैं. यानी मर्डोक की मौत पर बोर्ड में वोटिंग में उन्हें भी बराबर का हक मिलेगा.

ग्रेस और क्लोई मर्डोक

ग्रेस और क्लोई मर्डोक भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं. वे रुपर्ट मर्डोक की तीसरी पत्नी वेंडी डेंग से हैं. मीडिया रिपोर्ट्स और लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक ग्रेस येल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं जबकि क्लोई स्टैन्फर्ड यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं. उन्हें परिवार के अलग ट्रस्ट में हिस्सेदारी मिली है लेकिन अभी उन्हें मतदान का हक नहीं है.

वीके/एए (एपी, रॉयटर्स)

Source: DW

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+