Wimbledon 2025: चैंपियन की चुनौती, दिग्गजों की भिड़ंत! कब और कहां देखें विंबलडन लाइव?
Wimbledon 2025 Live Streaming: टेनिस कैलेण्डर का तीसरा ग्रैंड स्लेम विंबलडन सोमवार से शुरू हो रहा है। लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में शुरू होने वाला यह इवेंट 13 जुलाई को मेंस फाइनल के साथ समाप्त हो जाएगा। कार्लोस अल्कराज अपने टाइटल डिफेंड करने के लिए उतरेंगे। उनके सामने वर्ल्ड नंबर एक जैनिक सिनर होंगे। उनके अलावा नोवाक जोकोविच की चुनौती भी रहेगी।
पिछले साल का फाइनल कौन भूल सकता है। उसमें कार्लोस अल्कराज और जोकोविच का आमना-सामना हुआ था और कार्लोस विजयी रहे थे। इसके अलावा 2023 में भी कार्लोस ने नोवाक को पराजित किया था। वह इस बार जीत की हैट्रिक लगाने के लिए उतरेंगे।

हाल ही में फ्रेंच ओपन में कार्लोस अल्कराज और जैक सिनर के बीच मुकाबला हुआ था। इस रोमांचक फाइनल में कार्लोस ने अंतिम सेट में जीत दर्ज की थी और यह मुकाबला टाई ब्रेकर में जाकर समाप्त हुआ था, सिनर उस हार का बदला लेने के लिए उतरेंगे।
सिनर के नाम ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब है, वह पिछली बार विंबलडन में क्वार्टर फाइनल तक आकर बाहर हो गए थे। ऑल इंग्लैंड क्लब में वह दो साल पहले सेमीफाइनल में खेले थे। उधर नोवाक जोकोविच भी अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने 7 बार विंबलडन का टाइटल अपने नाम किया है।
महिला वर्ग में यूएस की कोको गॉफ के ऊपर नजरें रहेंगी। वह अपने पहले विंबलडन ख़िताब की तलाश में उतरेंगी। कोको ने हाल ही में फ्रेंच ओपन में धमाल मचा दिया था। उन्होंने टाइटल अपने नाम करते हुए वर्ल्ड का ध्यान अपनी तरफ खींचा था।
Wimbledon 2025 में भारत से कौन खेलेगा?
विंबलडन 2025 में चार भारतीय टेनिस खिलाड़ी कोर्ट पर नजर आएंगे, सभी पुरुष युगल वर्ग में हिस्सा लेंगे। अनुभवी रोहन बोपन्ना इस बार बेल्जियम के सैंडर गिले के साथ जोड़ी बनाएंगे। वहीं युकी भांबरी ने अमेरिका के रॉबर्ट गालोवे के साथ साझेदारी की है। यह इंडो-अमेरिकन जोड़ी 16वीं वरीयता के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है।
ऋत्विक बोल्लिप्ल्ली रोमानिया के निकोलस बैरिएंटोस के साथ मिलकर पुरुष युगल में उतरेंगे। एन श्रीराम बालाजी के साथ मैक्सिको के मिगुएल रेयेस वरेला होंगे। सिंगल्स में सुमित नागल क्वालीफायर राउंड में बाहर हो गए।
Wimbledon 2025 Live
विंबलडन के मुकाबले भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखे जा सकेंगे। इसके अलावा ओटीटी पर मुकाबले जियो-हॉटस्टार पर लाइव आएंगे। एप्लीकेशन और वेबसाईट दोनों जगह मैचों का आनन्द उठाया जा सकता है, भारत में मुकाबले दोपहर 3:30 बजे शुरू हो जाएंगे।
Wimbledon 2025 Schedule (विंबलडन 2025 शेड्यूल)
| क्र. | तारीख | दिन | राउंड |
|---|---|---|---|
| 1 | 30 जून 2025 | सोमवार | पुरुष और महिला एकल - पहला राउंड शुरू |
| 2 | 1 जुलाई 2025 | मंगलवार | पुरुष और महिला एकल - पहला राउंड (जारी) |
| 3 | 2 जुलाई 2025 | बुधवार | पुरुष और महिला एकल - दूसरा राउंड; युगल मुकाबले शुरू |
| 4 | 3 जुलाई 2025 | गुरुवार | युगल - पहला राउंड; एकल - दूसरा राउंड (जारी) |
| 5 | 4 जुलाई 2025 | शुक्रवार | पुरुष और महिला एकल - तीसरा राउंड; मिक्स्ड डबल्स शुरू |
| 6 | 5 जुलाई 2025 | शनिवार | युगल - दूसरा राउंड; मिक्स्ड डबल्स - दूसरा राउंड |
| 7 | 6 जुलाई 2025 | रविवार | पुरुष और महिला एकल - चौथा राउंड |
| 8 | 7 जुलाई 2025 | सोमवार | युगल - तीसरा राउंड; क्वार्टर फाइनल्स की शुरुआत |
| 9 | 8 जुलाई 2025 | मंगलवार | पुरुष और महिला एकल - क्वार्टर फाइनल |
| 10 | 9 जुलाई 2025 | बुधवार | मिक्स्ड डबल्स - सेमीफाइनल; जूनियर और व्हीलचेयर इवेंट्स |
| 11 | 10 जुलाई 2025 | गुरुवार | महिला एकल - सेमीफाइनल; मिक्स्ड डबल्स - फाइनल; पुरुष युगल - सेमीफाइनल |
| 12 | 11 जुलाई 2025 | शुक्रवार | पुरुष एकल - सेमीफाइनल; महिला युगल - सेमीफाइनल |
| 13 | 12 जुलाई 2025 | शनिवार | महिला एकल - फाइनल; पुरुष युगल - फाइनल; अन्य कैटेगरी फाइनल्स |
| 14 | 13 जुलाई 2025 | रविवार | पुरुष एकल - फाइनल; महिला युगल - फाइनल; समापन समारोह |












Click it and Unblock the Notifications