'मां के जन्मदिन पर बना रही थी खाना', राधिका यादव की हत्या पर मां ने तोड़ी चुप्पी, बेटी के करैक्टर पर क्या कहा?
Radhika Yadav Murder Case: हरियाणा के गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक होनहार टेनिस खिलाड़ी, जिसने देश के लिए कई ट्रॉफियां जीती थीं और अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही थी, उसकी जिंदगी उसी के घर में खत्म हो गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में हैरान करने वाली बात यह है कि आरोप उसी के पिता पर लगा है।
शुरुआती जांच में पुलिस को जो जानकारी मिली है, वह रिश्तों की मर्यादाओं को तोड़ने वाली है। राधिका यादव नाम की यह नेशनल टेनिस प्लेयर न सिर्फ खेल के मैदान में अपनी पहचान बना रही थी, बल्कि अब अपनी खुद की टेनिस अकादमी भी चला रही थी। लेकिन पिता दीपक यादव को यह सब मंजूर नहीं था। समाज के तानों और मानसिक दबाव का हवाला देकर उन्होंने जो किया, वह एक दिल दहला देने वाली घटना बन गई है। इस मामले में राधिका की मां ने चुप्पी साधी हुई है। इस से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वो शायद अपने पति को बचाने की कोशिश कर रही हैं।

घर में मौजूद थे सिर्फ तीन लोग
घटना के समय घर में राधिका के पिता दीपक यादव, मां मंजू यादव और चाचा कुलदीप यादव मौजूद थे। राधिका का भाई धीरज यादव उस वक्त घर पर नहीं था। वह प्रॉपर्टी डीलर है और ऑफिस गया हुआ था।
ये भी पढ़ें: Radhika Yadav: 'मैं खाता था उसकी कमाई, परेशान था Video से ', जानिए राधिका यादव पर क्यों चलाई पिता ने गोली?
मां ने लिखित बयान देने से किया इनकार
पुलिस ने राधिका की मां मंजू यादव से लिखित बयान लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने मौखिक रूप से बताया कि उन्हें नहीं पता कि उनके पति ने राधिका की हत्या क्यों की। राधिका की मां ने अपने बेटी के चरित्र को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि उसका चरित्र बिलकुल ठीक था।
राधिका की मां ने बताया कि उन्हें बुखार था और वो कमरे में सो रही थी। मिली जानकारी के अनुसार राधिका की हत्या वाले दिन राधिका की मां का जन्मदिन था। जिस वक्त उसे गोली मारी गई तब वो खाना बना रही थी।
पिता ने पूछताछ में मानी हत्या की बात
पुलिस पूछताछ में दीपक यादव ने कबूल किया कि उसने ही अपनी बेटी की हत्या की। उसने बताया कि गांव में लोग उसके खिलाफ ताने मारते थे कि वह बेटी की कमाई पर जी रहा है। साथ ही कुछ लोगों ने राधिका के चरित्र पर सवाल उठाए थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। इन सब बातों से वह इतना परेशान हुआ कि उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से रसोई में पीछे से तीन गोलियां चलाकर राधिका की हत्या कर दी।
चाचा ने जताया भाई पर शक
राधिका के चाचा कुलदीप यादव ने पुलिस को बताया कि वह ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं और दीपक अपने परिवार के साथ पहले फ्लोर पर रहता है। घटना की सुबह उन्हें ऊपर से तेज आवाज आई, तो वे दौड़कर ऊपर पहुंचे। वहां राधिका खून से लथपथ पड़ी थी और ड्राइंग रूम में रिवॉल्वर पड़ी थी। उन्होंने तुरंत राधिका को सेक्टर-56 के एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राधिका की थी टेनिस अकादमी
राधिका यादव एक शानदार टेनिस खिलाड़ी थीं। उन्होंने कई ट्रॉफियां जीती थीं और हाल ही में चोट की वजह से खेल से दूर थीं। उन्होंने अपनी खुद की टेनिस अकादमी शुरू की थी और बच्चों को कोचिंग दे रही थीं।
घटनास्थल से क्या मिला
पुलिस ने घटनास्थल से खून के सैंपल, रिवॉल्वर, एक खाली कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। केस की जांच सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार की निगरानी में जारी है।
इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 27(3) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी दीपक यादव को कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव को पिता ने क्यों जान से मारा? इस नए एंगल ने सबको चौंकाया, गाने का Video बना वजह?












Click it and Unblock the Notifications