Teachers Day: इस शख्स ने बदली सानिया मिर्जा की किस्मत! 6 साल की उम्र में थामा टेनिस, आज हैं करोड़ों की मालकिन
Teachers Day 2025, Sania Mirza: हर साल 5 सितंबर को हमारे देश में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म हुआ था। सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में इस दिन को भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। हर इंसान को सफल बनाने में उसके गुरु का सबसे बड़ा हाथ रहता है। भारतीय पूर्व टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा की जिंदगी में भी उनके गुरु का अहम रोल रहा है। सानिया मिर्जा का यह गुरु कोई और नहीं बल्कि उनके पिता हैं।
पिता ने संवारा सानिया का जीवन (Teachers Day 2025, Sania Mirza)
सानिया मिर्जा के पिता और कोच इमरान मिर्ज़ा ने अपनी कलम से बेटी की सफलता की कहानी लिखने का काम किया। सानिया ने अपने करियर में कई मुश्किलों और सामाजिक दबावों का सामना किया। कभी उनके पहनावे पर सवाल उठाए गए तो कभी उनके खेल को लेकर संदेह जताया गया। लेकिन इन सबके बीच इमरान मिर्ज़ा ने उन्हें हर नकारात्मक माहौल से दूर रखा और सिर्फ खेल पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। एक पिता होने के साथ-साथ वे उनके पहले कोच, मेंटर और गाइड भी बने।

बेटी बने टेनिस प्लेयर इमरान मिर्ज़ा का था सपना
इमरान मिर्ज़ा ने शुरू से ही सपना देखा था कि उनकी बेटी एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन बने। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने खुद को खेल का छात्र बना लिया। उन्होंने दुनिया के नामी कोचों और खिलाड़ियों से सीख ली, खेल मनोविज्ञान और रणनीति पर रिसर्च की और हर सीख को सानिया के खेल में लागू किया। यह उनकी मेहनत का ही नतीजा था कि सानिया धीरे-धीरे जूनियर लेवल से निकलकर विश्व की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी बनीं।
पिता के साथ-साथ निभाई कोच की भूमिका
दुनिया के बड़े-बड़े खिलाड़ी हमेशा प्रोफेशनल कोचों के साथ करियर बनाते हैं। लेकिन इमरान मिर्ज़ा की खासियत यह रही कि वे न केवल सानिया के पिता थे बल्कि उनके अकेले ऐसे कोच भी रहे जिन्होंने बिना किसी बड़े संसाधन के उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। यह उपलब्धि और भी बड़ी हो जाती है क्योंकि भारत में टेनिस जैसी महंगी और संसाधन-निर्भर खेल में सफलता पाना बहुत कठिन है।
करोड़ों की मालकिन हैं सानिया मिर्जा
आज हैदराबाद में सानिया मिर्ज़ा टेनिस अकादमी उनकी सोच और मेहनत का ही विस्तार है। यहाँ उनका उद्देश्य है कि देश के और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करें। इमरान का मानना है कि भारत में सिस्टम मजबूत हो तो कई और सानिया मिर्ज़ा तैयार हो सकती हैं। वहीं सानिया मिर्जा की नेट वर्थ और कमाई की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सानिया मिर्जा की कुल संपत्ति 26 मिलियन डॉलर (करीब 216 करोड़ रुपये) है। वहीं साल 2022 में उनकी वार्षिक कमाई लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications