'PM ने उचित कार्रवाई के लिए कहा', विनेश की अयोग्यता पर संसद में बोले खेल मंत्री
पेरिस ओलंपिक 2024 में 50 किलोग्राम महिला कुश्ती फाइनल से विनेश फोगाट के अयोग्य ठहराए जाने से भारत को बड़ा झटका लगा है। राजनेताओं ने बुधवार को पहलवान को अपना समर्थन दिया और कहा कि पूरे देश को विनेश फोगाट पर गर्व है। वहीं, संसद में भी फोगाट की मेहनत को सराहा गया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि आज उनका वजन 50 किलो 100 ग्राम पाया गया और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारतीय ओलंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

मंडाविया ने आगे यह भी कहा कि आईओए अध्यक्ष पीटी उषा पेरिस में हैं, प्रधानमंत्री ने उनसे बात की और उन्हें आवश्यक कार्रवाई करने को कहा... सरकार ने उन्हें निजी स्टाफ सहित हर सुविधा प्रदान की। उन्होंने बताया कि विनेश को हर तरह की सहायता दी गई। विनेश के लिए अच्छे कोच दिए। प्रशिक्षण के लिए वित्तीय सहायता दी गई।
अमित शाह ने किया सपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विनेश फोगाट को अपना समर्थन दिया और कहा कि ओलंपिक में फोगट की हार ने निश्चित रूप से लाखों भारतीयों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। शाह ने एक्स पर लिखा कि ओलंपिक में विनेश फोगाट की हार ने निश्चित रूप से लाखों भारतीयों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। उनका खेल करियर शानदार रहा है, जिसमें विश्व चैंपियन को हराने का गौरव भी शामिल है। यह दुर्भाग्य उनके शानदार करियर में एक अपवाद मात्र है, जिससे मुझे यकीन है कि वह वापस लौटकर विजेता बनेंगी, जैसी वह हमेशा से रही हैं।
कैसे रातों-रात बढ़ा वजन? WFI ने उठाया सवाल
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि यह हमारे देश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी अच्छी कुश्ती लड़ने और फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बाद भी, विनेश को 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारत सरकार ने विनेश फोगाट को उनके कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और फिजियो मुहैया कराए हैं। ये सभी उनके साथ खेल गांव में हैं, उनका वजन 2 दिन तक स्थिर था लेकिन रातों-रात बढ़ गया, इसका कारण केवल उनके न्यूट्रिशनिस्ट और उनके कोच ही बता सकते हैं। पीटी उषा खेल गांव पहुंच गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications