Women's Boxing World Championship: निखत जरीन और नीतू ने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में बनाई जगह
निखत जरीन ने विपक्षी मुक्केबाज को कोई मौका नहीं दिया और ताबोड़तोड़ पंच बरसाये। उन्होंने स्पीड के दम पर मैच जीत लिया।

Women's Boxing World Championship: महिला बॉक्सिंग वर्ल्ड चैम्पियनशिप के फाइनल में भारतीय मुक्केबाजों के पंच जमकर चल रहे हैं। भारतीय महिलाओं ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए अंतिम चरण में जगह बना ली है। दो मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह हासिल करते हुए रजत पदक पक्का कर लिया है। फाइनल में जीत दर्ज करने पर गोल्ड मेडल भी आ सकता है। गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मैचों में भारत की नीतू घणघस और निखत जरीन ने जीत दर्ज करते हुए भारत के लिए बेहतरीन कार्य किया है।
48 किलोग्राम भार वर्ग में नीतू ने कजाकिस्तान की अलुआ बालिबेकुवा को 5-2 के अंतर से पराजित कर दिया। इस बाउट में नीतू ने शुरू में कुछ ख़ास नहीं किया और कजाकिस्तान की बॉक्सर ने बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद नीतू ने दूसरे हाफ में धमाका करते हुए विपक्षी बॉक्सर के जबड़े को जमकर निशाना बनाया।
निखत जरीन ने रियो ओलंपिक की ब्रोंज मेडल विनर कोलंबिया की इन्ग्रिट वेलेंसिया के विरुद्ध धमाकेदार खेल का प्रदर्शन किया। निखत ने शुरू से ही पंचों की बारिश करते हुए वेलेंसिया को कुछ समझने का मौका ही नहीं दिया। 50 किलोग्राम भार वर्ग के इस मुकाबले में निखत जरीन ने 5-0 के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में जगह बना ली। निखत जरीन ने अपनी स्पीड और तकनीक को बेहतरीन तरीके से लागू करते हुए इस बाउट को एकतरफा बना दिया।












Click it and Unblock the Notifications