नीरज चोपड़ा अचानक क्यों हुए एशियाई खेलों से बाहर? खुद सामने आकर बताया बड़ा कारण
Neeraj Chopra: एशियाई खेल 2026 से पहले भारतीय खेल जगत को बड़ा झटका लगा है। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों में नहीं खेलेंगे। वह इवेंट से पूरी तरह से बाहर हो गए हैं। इससे भारतीय फैंस को भी खासी निराशा का सामना करना पड़ा है।
टखने में लिगामेंट टियर के कारण वह एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। चोट को देखते हुए नीरज ने अपना 2026 का बाकी सीजन भी खत्म करने का फैसला किया है। हाल ही में नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में हिस्सा लिया था।

नीरज ने सोशल मीडिया के जरिए खुद इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लुसाने डायमंड लीग के बाद एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान उनके टखने में परेशानी हुई। इसके बाद उन्होंने मेडिकल टीम और डॉक्टरों से सलाह ली। काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने फिलहाल प्रतियोगिताओं से दूर रहने का फैसला किया, ताकि चोट को ज्यादा गंभीर होने से रोका जा सके और वह पूरी तरह फिट होकर वापसी कर सकें।
इस चोट का असर उनके आने वाले कई बड़े टूर्नामेंट पर पड़ेगा। नीरज अब एशियाई खेलों के साथ 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी नहीं उतरेंगे। इसके अलावा 11 से 13 सितंबर तक बुडापेस्ट में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में भी उनकी भागीदारी नहीं होगी।
नीरज के लिए यह चोट इसलिए भी निराशाजनक है क्योंकि वह हाल के महीनों में अच्छी लय में दिखाई दे रहे थे। पुरानी पीठ की समस्या से उबरने के बाद उन्होंने इस सीजन में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 85.83 मीटर का थ्रो कर रजत पदक जीता था। इसके बाद लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का थ्रो उनका इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
एशियाई खेलों में भारत की सबसे बड़ी उम्मीदों में नीरज चोपड़ा का नाम सबसे ऊपर था। उनके बाहर होने से भारतीय दल को निश्चित तौर पर बड़ा नुकसान हुआ है। इस समय नीरज के लिए जल्दबाजी करने के बजाय चोट से पूरी तरह उबरना ज्यादा जरूरी है।
अब उनका लक्ष्य मैदान पर जल्द लौटने के बजाय पूरी तरह फिट होकर वापसी करना होगा। भारतीय प्रशंसकों को भी उम्मीद होगी कि नीरज इस ब्रेक का इस्तेमाल खुद को पूरी तरह तैयार करने में करेंगे और अगली बार जब वह मैदान पर उतरें तो पहले की तरह अपने बेस्ट प्रदर्शन के साथ नजर आएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
