Paris Olympics 2024: जिस फ़ाइनल से विनेश फोगाट बाहर हुईं, उसमें किसने जीता गोल्ड मेडल?
Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के क्षेत्र में भारत की पदक की उम्मीदों को 7 अगस्त को तब बड़ा झटका लगा, जब पहलवान विनेश फोगट को 50 किलोग्राम महिला कुश्ती इवेंट से अयोग्य ठहरा दिया गया। विनेश को गोल्ड मेडल मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका की सारा एन हिल्डेब्रांट से भिड़ना था, लेकिन उनका ये सपना अधूरा ही रह गया, लेकिन फैंस के मन में सवाल जरूर होगा कि इस मुकाबले में गोल्ड मेडल किसने जीता?
अमेरिकी पहलवान ने जीता गोल्ड मेडल
दरअसल, अमेरिकी पहलवान ने बुधवार को 50 किलोग्राम महिला वर्ग में जीत हासिल की, उन्होंने चैंपियनशिप मैच में क्यूबा की युस्नेलिस गुज़मैन लोपेज़ को 3-0 से हराया और गोल्ड मेडल जीतने वाली चौथी अमेरिकी महिला बन गईं।

फाइनल से पहले लगा था विनेश को बड़ा झटका
मंगलवार को तीन जीत के बाद भारत की विनेश फोगट 50 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंचती दिख रही थीं। लेकिन खेल की नियामक संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने बुधवार सुबह वजन कम करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया। फोगट के बाल काटने जैसे उपाय आवश्यक वजन कम करने के लिए पर्याप्त नहीं थे। टीम इंडिया ने कहा कि फोगट का वजन सीमा से 100 ग्राम अधिक था।
अभिन बिंद्रा ने बढ़ाया विनेश का हौसला
फिलहाल, विनेश भारत वापस आ चुकी हैं, और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा ने विनेश का हौसला बढ़ाया है। बिंद्रा ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में विनेश के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'प्रिय विनेश, ऐसा कहा जाता है कि खेल मानवीय इच्छाशक्ति का उत्सव है। मैंने अपने करियर में कई बार यह देखा है, लेकिन आज से ज्यादा कभी भी यह सच नहीं हुआ। जब मैं अपने आस-पास देखता हूं, तो मुझे एक राष्ट्र और उसके लोग आपके दृढ़ संकल्प का जश्न मनाते हुए दिखाई देते हैं। आप एक वॉरियर हैं- मैदान पर और मैदान से बाहर भी।'
'आप एक योद्धा की सच्ची भावना को मूर्त रूप देती है'
उन्होंने लिखा, 'आपके जरिए हम सीख रहे हैं कि हार के बावजूद भी अपने अंदर की लड़ाई को कभी न हारना क्या मायने रखता है। आप एक योद्धा की सच्ची भावना को मूर्त रूप देती है। सभी जीत एक जैसी नहीं होती। कुछ जीतें कैबिनेट में रखी चमचमाती यादगार बन जाती हैं, लेकिन जो ज्यादा मायने रखती हैं, वे उन कहानियों में शामिल हो जाती हैं जिन्हें हम अपने बच्चों को सुनाते हैं, और इस देश का हर बच्चा आपको चैम्पियन के रूप में पहचानेगा।'
विनेश को सिल्वर मेडल दिलाने की मांग
भारतीय पहलवान को अयोग्य घोषित किए जाने से सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि बाकी दुनिया में भी निराशा है। इस बीच पूर्व ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता यूएसए के पहलवान जॉर्डन बरोज़ भी विनेश के सपोर्ट में उतर आए। उन्होंने विनेश को सिल्वर मेडल देने की मांग के साथ ही यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) में कुछ बदलावों का सुझाव दिया।












Click it and Unblock the Notifications