भारत में वर्ल्ड टूर्नामेंट का अनोखा इंतजाम, बंदर भगाने को लंगूर की आवाज निकालेंगे 3 लोग, मिल गई तीनों को नौकरी
विंबलडन में कबूतरों को दूर रखने के लिए आयोजक एक प्रशिक्षित बाज को रखते हैं। वह कोर्ट के करीब आने वाले कबूतरों को डराते हुए बाहर कर देता है। इससे इवेंट अच्छी तरह चलता रहता है। उसी तरह अलग-अलग खेलों में कोई न कोई इंतजाम देखने को मिलता है। भारत में भी एक अनोखी तैयारी होगी।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में दुनिया के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे। टूर्नामेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परिसर और आसपास के इलाकों में बंदरों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इनको भगाने के लिए भी ऐसी व्यवस्था होगी, जिसे जानने के बाद हंसी आएगी।

दरअसल आयोजकों ने लंगूर जैसी आवाज निकालने वालेकुछ लोगों को रखा है, ताकि बंदरों को वहां से भगाया जा सके। यह सभी जानते हैं कि बंदरों को लंगूर से डर लगता है। इस वजह से वैसी आवाज निकालने वाले लोग रहेंगे, जो बंदर को देखते ही लंगूर की तरह आवाजें निकालना शुरू कर देंगे।
तीन लोगों की ली जाएगी सेवाएं
आयोजकों ने इसके लिए तीन ऐसे लोगों की सेवाएं ली हैं, जिन्हें बंदरों के व्यवहार को समझने और उन्हें नियंत्रित करने का अनुभव है। इन विशेषज्ञों की खासियत यह है कि वे लंगूर की आवाज की हूबहू नकल कर सकते हैं।
क्यों पड़ी इसकी आवश्यकता?
एक सवाल यह भी है कि आखिर आयोजकों को इसकी आवश्यकता क्यों पड़ी। इसकी वजह इसी साल का इंडिया ओपन है। जनवरी में हुए टूर्नामेंट के दौरान बंदरों के स्टेडियम के अंदर पहुंचने की घटना सामने आई थी। वे दर्शकों के बैठने वाली जगह तक पहुंच गए थे और कुछ समय के लिए मुकाबलों का माहौल प्रभावित हुआ था। इससे सबक लेते हुए आयोजकों ने इस बार किसी भी तरह का कोई जोखिम नहीं लेते हुए पूरे इंतजाम करने का फैसला लिया है।
पीवी सिंधु ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
बंदरों से निपटने के इंतजाम को लेकर पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर लिखा "आप इस समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन इसके पीछे की कोशिश की तारीफ जरूर करनी चाहिए। भारत को दुनिया के स्वागत के लिए तैयार करने में पर्दे के पीछे बहुत से लोग लगातार मेहनत कर रहे हैं। हमारे समाधान भले ही अपने खास भारतीय अंदाज वाले हों, लेकिन हमारी गर्मजोशी, जज्बा और मेहमाननवाजी भी उतनी ही खास है। दिल्ली में बैडमिंटन की दुनिया को इन सभी चीजों का अनुभव कराने का बेसब्री से इंतजार है। जल्द ही दिल्ली में मुलाकात होगी।"


Click it and Unblock the Notifications
