छोटी सी उम्र में जेल, नशेड़ी मां-बाप और चेज़ मैन ने खुद को बुरे हालात से निकालकर जीवन की दशा बदली
Chase Mann: बचपन की नादानियां, जेल की हवा और माता-पिता का नशेड़ी होना, इन सब चीजों के बावजूद अपराजित अमेरिकी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर चेज़ मैन ने खुद को बुरे कामों के दलदल से बाहर निकाला और आज वह खुद और अपने परिवार के लिए जीवन के नए अध्याय में नई कहानी लिख रहे हैं।
29 वर्षीय स्टार का सामना शनिवार, 24 जनवरी को ONE Championship के ONE Fight Night 39 इवेंट के वेल्टरवेट MMA फाइट में इसी फिटिकेफु से होगा। उनका प्रयास होगा कि वो प्रमोशन में जीत के साथ खाता खोले और डिविजन के सबसे खतरनाक दावेदारों के रूप में अपना नाम आगे करें।

चेज़ मैन के माता-पिता को थी नशे की लत
कहते हैं कि बच्चे का विकास उसी तरह का होता है, जिस तरह का घर पर माहौल हो। मैन का पालन-पोषण अमेरिका के अरकान्सा के एक छोटे से शहर में हुआ। उनके मां-बाप नशे के आदी थे और नतीजतन मैन का बचपन भी एक के बाद एक चुनौतियों से घिरा रहा।
उन्होंने बचपन के कठिन दौर को याद करते हुए बताया, "मैंने बचपन में बहुत सारी गलतियां कीं। मेरे माता-पिता ड्रग्स लेते थे। मगर वह अच्छे माता-पिता थे। अब वह रिकवर कर चुके हैं, मगर मेरी परवरिश में निरंतरता का बहुत अभाव था।"
तोड़-फोड़ के चलते जेल भी जाना पड़ा
जब मां-बाप को ही अपनी सुध न हो तो बच्चे का गलत रास्ते पर जाना आम सी बात लगती है। पार्क में स्प्रे पेंट करने और खिड़की तोड़ने की वजह से उन्हें 10 साल की छोटी से उम्र में जेल तक जाना पड़ा। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका और अदालत ने उनमें सुधार के लिए एक ट्रीटमेंट सेंटर भेजा, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
उन्होंने बताया, "मेरे माता-पिता मुझे वहां से ले गए और उस सेंटर पर केस कर दिया। वहां FBI ने भी रेड की और सेंटर के मालिक को हिरासत में ले लिया।"
उनकी हरकतों का दौर आगे भी जारी रहा, लेकिन 19 वर्ष की उम्र में बेटी का पिता बनने के बाद मानो सब कुछ बदल गया। मैन ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद उनके अंदर कुछ बड़ा परिवर्तन हुआ और भगवान ने उनकी जिंदगी बचा ली।












Click it and Unblock the Notifications