VIDEO: रफ्तार के शौक ने ले ली जान, पलक झपकते ही मलबे में तब्दील हुई रेसिंग कार, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
Crash Video: मोटरस्पोर्ट्स की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अर्जेंटीना में होने वाली रैली सुदामेरिकानो (South American Rally Championship) के दौरान रविवार को एक रेसिंग कार अनियंत्रित होकर दर्शकों के बीच जा घुसी। इस भीषण हादसे में एक दर्शक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद एफआईए (FIA) ने तुरंत रेस को बैन कर दिया है।
आखिर कैसे हुई दुर्घटना (Crash Video)
यह दुर्घटना एफआईए कोडासुर रैली चैंपियनशिप के दूसरे दौर के दौरान हुई। ड्राइवर डिडिएर आरियास और उनके को-ड्राइवर हेक्टर नुनेज तेज रफ्तार में ट्रैक पर थे। रेसिंग कार ट्रैक के किनारे एक मिट्टी के ऊंचे ढेर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ने अपना संतुलन खो दिया और हवा में कलाबाजियां खाते हुए उस दिशा की ओर बढ़ गई जहां फैंस खड़े होकर मैच देख रहे थे।

7 बार हवा में पलटी कार
चश्मदीदों के मुताबिक कार कम से कम 7 बार हवा में पलटी। चट्टानों और ऊंचाई पर खड़े दर्शकों ने अपनी जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी, लेकिन कुछ इसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, एक फैन को बचाया नहीं जा सका।
एक दिन पहले हुई थी इस तरह की घटना
फेडरेशन इंटरनेशनेल डी ल'ऑटोमोबाइल (FIA) ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हम इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। इस हादसे में एक दर्शक ने अपनी जान गंवाई है और दो घायल हुए हैं। हम पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। अर्जेंटीना की यह त्रासदी मोटरस्पोर्ट्स जगत के लिए दूसरा बड़ा झटका है।
इस घटना से ठीक एक दिन पहले जर्मनी में 'एडीएसी 24एच नर्बरिंग' क्वालिफायर के दौरान रेसिंग ड्राइवर जुहा मियेटिनेन की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन जानलेवा हादसों ने रेसिंग ट्रैक की सुरक्षा मानकों और दर्शकों के बैठने की दूरी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications