Wrestlers Protest: 'उन्हें अपनी लड़ाई लड़ने दो...,' रेसलर प्रोटेस्ट पर सौरव गांगुली ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पहलवानों के आंदोलन को लेकर कहा कि, 'मैंने खेल जगत में एक बात समझी है कि जिस बारे में आपको पूरी जानकारी ना हो उसपर नहीं बोलना चाहिए, लेकिन में आशा करता हूं कि यह जल्द सुलझ जाएगा।

Wrestlers Protest: भारतीय पहलवानों का कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी इन दिनों सड़कों पर हैं, लेकिन अब तक मामले का निपटारा नहीं हो सका है। इस धरने को लेकर विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे कई स्टार पहलवानों का कहना है कि न्याय नहीं मिलने के बाद वे प्रदर्शन के लिए फिर से मजबूर हुए हैं। इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पहलवानों के आंदोलन को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
आशा करता हूं कि यह जल्द सुलझ जाएगा- गांगुली
दरअसल, एक प्रेस कांफ्रेस के दौरान गांगुली से जब धरना-प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया तो, उन्होंने इस पर कहा कि, 'उन्हें अपनी लड़ाई लड़ने दें। मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता कि वहां क्या हो रहा है। बस अखबार में इसके बारे में पढ़ा है। मैंने खेल जगत में एक बात समझी है कि जिस बारे में आपको पूरी जानकारी ना हो उसपर नहीं बोलना चाहिए, लेकिन में आशा करता हूं कि यह जल्द सुलझ जाएगा। पहलवान इस देश के लिए बहुत सारे मेडल लाते हैं और वे ये डीजर्व नहीं करते।'
पहलवानों को मिला कई दिग्गजों का समर्थन
दरअसल, भारतीय पहलवानों द्वारा कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर धरना जारी है। इस धरने में बैठे पहलवानों ने बृजभूषण पर कई महिला पहलवानों के शोषण को गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में अब उनकी मांग है कि बृजभूषण की गिरफ्तारी के साथ-साथ उन्हें डब्ल्यूएफआई के पद से भी हटाया जाए। रेसलर्स के सपोर्ट में कई दिग्गजों ने भी सरकार से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।
पहलवानों के समर्थन में भारत की स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी खुलकर साथ दिया है। इसके अलावा भारतीय एथलीट और टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा और क्रिकेट इतिहास से सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले कपिल देव ने भी जल्द न्याय दिए जाने को लेकर सरकार से मांग की थी।
पहलवानों के प्रदर्शन का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। कोर्ट की ओर से पहलवानों द्वारा दायर की गई याचिका पर सुनवाई भी हो चुकी है। हालांकि, एससी ने अपने जजमेंट में याचिका की सुनवाई बंद करने का फैसला सुनाया था। कोर्ट ने आदेश में कहा कि उन्होंने एफआईआर दर्ज करने के लिए याचिका दायर की थी, जोकि अब हो चुकी है। अब इस मामले में आगे सुनवाई नहीं बनती है। ऐसे में जल्द ही पहलवान इस मामले में अपना अगला कदम उठा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications