National Games 2023: पीएम मोदी आज 37वें नेशनल गेम्स का करेंगे उद्घाटन, इस बार इन नए खेलों को किया गया शामिल
National Games Goa 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 26 अक्टूबर को गोवा के फतोर्दा में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। नौ नवंबर तक चलने वाले इस खेल मेले का उद्घाटन पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे से होगी, जहां 10 हजार से अधिक एथलीट्स के शामिल होने की संभावना है, जिन्हें पीएम संबोधित भी करेंगे।
पीएम मोदी के अलावा ये दिग्गज भी होंगे उपस्थित
दरअसल, वैसे तो खेलों की शुरुआत 19 अक्टूबर को गोवा में 'बैडमिंटन टूर्नामेंट' के साथ हो चुकी है, लेकिन राष्ट्रीय खेलों का औपचारिक उद्घाटन गुरुवार को होगा। इस अवसर पर पीएम मोदी के अलावा गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद नाइक और गोवा के खेल मंत्री गोविंद गौडे भी उपस्थित रहेंगे।

प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह करेंगे परफॉर्म
सावंत ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में गायक और अन्य कलाकारों का प्रदर्शन भी होगा। साथ ही इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका हेमा सरदेसाई और सुखविंदर सिंह परफॉर्म करेंगे। इसके अलावा, लगभग 600 कलाकार स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
पांच स्वदेशी खेलों का भी होगा प्रदर्शन
राष्ट्रीय खेलों के दौरान पांच स्वदेशी खेलों- मल्लखंब, कलरीपायट्टु, गतका, लागोरी और योग सहित लगभग 43 खेल विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। यह आयोजन पणजी, मापुसा, मडगांव, कोलवा, वास्को और पोंडा में 28 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा और इसमें लगभग 10,806 एथलीट भाग लेंगे, जिनमें से 49 प्रतिशत महिलाएं हैं।
कुल एथलीट्स में 49 प्रतिशत महिलाएं
गोवा में पहली बार होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों में 28 राज्यों के एथलीट 43 से अधिक विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेंगे। ये खेल देश भर से 10,000 से अधिक एथलीटों को एक साथ लाएंगे, जिनमें से 49 प्रतिशत महिलाएं हैं। भारत का 37वां राष्ट्रीय खेल 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक गोवा में होगा।
तायक्वोंडो और नौकायन खेलों की होगी वापसी
पिछले संस्करण से बाहर किए जाने के बाद इस वर्ष तायक्वोंडो और नौकायन खेलों की वापसी होगी। इस आयोजन में लागोरी और गतका जैसे प्रदर्शन खेल भी शामिल किए गए हैं। खेलों में जिमनास्टिक, रोइंग, हॉकी, मुक्केबाजी, शूटिंग, वॉटर पोलो, लॉन टेनिस, स्नूकर, हैंडबॉल, जूडो, टेबल टेनिस और कई अन्य खेल शामिल होंगे।
भारत के 37वें राष्ट्रीय खेलों का आदर्श वाक्य 'गेट सेट गोवा' है, जो 1924 में भारत के पहले राष्ट्रीय खेलों में इस्तेमाल किए गए वाक्यांश के समान है जो 'गेट सेट प्लेट' था। 37वें राष्ट्रीय खेलों को प्रसार भारती यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम किया जा सकता है। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स टीवी चैनल पर भी प्रसारित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications