विनेश फोगाट ने ओलंपिक में जो किया... PM मोदी ने अब देश की शेरनी बेटी को लेकर तोड़ी चुप्पी, कही ये बात
Vinesh Phogat News: पेरिस ओलंपिक 2024 में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों की जब भी बात होगी, उसमें महिला पहलवान विनेश फोगाट की चर्चा जरूर की जाएगी। 100 ग्राम ज्यादा वजन की वजह से विनेश फोगाट को ओलंपिक के फाइनल मैच से डिस्क्वालिफाई कर दिया गया था। विनेश फोगाट के ओलंपिक प्रदर्शन को लेकर अब पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुप्पी तोड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर पेरिस ओलंपिक 2024 में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों से बातचीत की थी। इसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में पीएम मोदी भारतीय दल की तारीफ करते दिख रहे हैं। इस वीडियो में पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतने से चूकने वाली विनेश फोगाट पर भी बात की है।

PM मोदी विनेश फोगाट पर क्या बोले?
पेरिस ओलंपिक से भारतीय दल के साथ बातचीत करते हुए, पीएम मोदी ने विनेश की उपलब्धि का जिक्र किया। विनेश फोगट की पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन और फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनने के लिए पीएम मोदी ने उनकी तारीफ की।
पीएम मोदी ने कहा, ''विनेश फोगाट कुश्ती में फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय (महिला) बनीं, जो हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है।"
जब 100 ग्राम वजन की वजह से फाइनल से बाहर हुईं विनेश फोगाट
विनेश फोगाट के साथ जो हुआ, उसका दर्द आज भी हर भारतीयों के दिल में है। विनेश फोगाट की ऐतिहासिक उपलब्धि उस समय धूंधली पड़ गई, जब उन्हें पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किलोग्राम के फाइनल मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। फाइनल मैच की सुबह विनेश फोगाट का वजन 50 किलो से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया था।
हालांकि विनेश फोगाट कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (CAS) में अपनी ओलंपिक अयोग्यता के खिलाफ अपील की है और 50 किलोग्राम भार वर्ग में संयुक्त सिल्वर मेडल की मांग की है।
जब कुश्ती से संन्यास लेकर विनेश फोगाट ने किया सबको हैरान
खेल के मैदान में बड़ी हार के बाद, विनेश ने कुश्ती से संन्यास लेने के अपने फैसले की घोषणा कर सबको चौंका दिया था। विनेश फोगाट ने लिखा था, ''मां कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई। माफ करना आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके। इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2001-2024, आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी माफी।''
हरियाणा की पहलवान विनेश फोगाट के नाम तीन राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडल, दो विश्व चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल और एक एशियाई खेलों का गोल्ड मेडल है। उन्हें 2021 में एशियाई चैंपियन का ताज भी पहनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications