Rahul Gandhi ने शीतल देवी के हौसले को किया सलाम, भारत की बेटी को लेकर कही दिल जीतने वाली बात
Rahul Gandhi On Sheetal Devi: जम्मू-कश्मीर के किश्त की 16 वर्षीय तीरंदाज शीतल देवी ने पेरिस पैरालिंपिक में तीरंदाजी के क्वालीफिकेशन राउंड में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर सुर्खियां बटोरी हैं। फोकोमेलिया के कारण बिना हाथों के जन्म लेने वाली शीतल देवी ने कभी भी अपनी इस स्थिति को महानता हासिल करने से नहीं रोका। उनकी यह जर्नी कई लोगों के लिए प्रेरणा है।
राहुल गांधी ने किया सलाम
शीतल देवी को लेकर अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी अपनी बात कही है। राहुल गांधी ने लिखा कि शीतल देवी को पेरिस पैरालिंपिक्स में नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने दुनिया को ये दिखा दिया कि हौसला और जज़्बा हो तो बाधाएं आपके हुनर की सीमा नहीं तय कर सकती।
मेरी शुभकामना है, आप इसी प्रकार सफलता और रिकॉर्ड्स की नई ऊंचाईयां छूती रहें।

इस तरह तीरंदाजी करती हैं शीतल
शीतल की तीरंदाजी की अनोखी विधि में उनके पैर और मुंह का अहम रोल रहा है। वह कुर्सी पर बैठती हैं, अपने दाहिने पैर से धनुष उठाती हैं। अपने दाहिने कंधे से डोरी खींचती है और अपने जबड़े की ताकत का इस्तेमाल करके तीर चलाती है।
किसान परिवार में पली-बढ़ी शीतल
10 जनवरी 2007 को जन्मी शीतल एक किसान परिवार में पली-बढ़ी। उनके पिता किसानी करते हैं जबकि उनकी मां बकरियाँ चराती है। बिना हाथों के पैदा होने के बावजूद शीतल का हौसला कभी भी कम नहीं हुआ। वह बिना हाथों के पेड़ पर चढ़कर सभी को हैरान कर चुकी हैं। इसके बाद ही लोगों को उनकी क्षमता का पता चला।
ऐसे हुई तीरंदाजी की शुरुआत
साल 2022 में किसी के सुझाव पर शीतल 200 किलोमीटर का सफर तय करके कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचीं। वहां उनकी मुलाकात कोच अभिलाषा चौधरी और कुलदीप वेदवान से हुई जिन्होंने उन्हें तीरंदाजी से परिचित कराया और उनकी ट्रेनिंग शुरू की। यहीं से उनके विश्वस्तरीय तीरंदाज बनने की शुरुआत हुई।
तीरंदाजी में उपलब्धियां
शीतल की मेहनत रंग लाई और उन्होंने चीन के हांग्जो में आयोजित एशियाई पैरा खेलों 2023 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीते और एक ही सत्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications