Paris Olympics: मनु भाकर और सरबजोत के मेडल पर पीटी उषा का रिएक्शन, जानें क्या कहा
Paris Olympics: भारत के निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने अपने असाधारण कौशल और टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीता है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने उनकी उपलब्धि की प्रशंसा की।
22 वर्षीय मनु भाकर ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपना कौशल दिखाते हुए कांस्य पदक जीता था। इसके बाद अब मिक्स्ड टीम इवेंट में भी कांस्य पदक मिला है। इस बार उनके साथ सरबजोत सिंह थे। पीटी उषा ने भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन पर ख़ुशी जताई है।

वनइंडिया की सहयोगी वेबसाईट मायखेल से बातचीत में पीटी उषा ने कहा "मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत खुश हूं कि मनु भाकर ने पेरिस में अपना दूसरा पदक जीता है। मैं सरबजोत सिंह को अपना पहला ओलंपिक पदक जीतने के लिए भी बधाई देती हूं। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि एक एथलीट की सफलता के लिए व्यक्तिगत कोच बहुत महत्वपर्ण हैं।"
उन्होंने आगे कहा "मुझे उम्मीद है कि भारत के लिए और पदक आएंगे और मैं अपने सभी एथलीटों को शुभकामनाएं देती हूं। आईओए में हमने एथलीटों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यह सुनिश्चित किया है कि उन्हें सर्वोत्तम सुविधाएं प्राप्त हों। यह हमारे प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है कि भारतीय एथलीटों को विश्व स्तरीय सपोर्ट प्रदान किया जाए।
गौरतलब है कि मनु भाकर और सरबजोत के धांसू प्रदर्शन को लेकर देश भर में ख़ुशी जताई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। मनु भाकर भारतीय ओलंपिक इतिहास में पहली एथलीट हैं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक में दो मेडल अपने नाम किये हैं।
इस ओलंपिक में भारत को अभी तक महज दो ही मेडल मिले हैं और दोनों ही शूटिंग में आए हैं, अन्य खेलों से भी कुछ मेडल आने की उम्मीद की जा रही है। टोक्यो में खेले गए पिछले ओलंपिक में भारतीय दल को कुल सात मेडल मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications