पाकिस्तान ने भारत में खेलने से किया इनकार, Junior Hockey World Cup से हटने के पीछे क्या है असली वजह?
Junior Hockey World Cup: पाकिस्तान ने नवंबर-दिसंबर में भारत में होने वाले जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया है। FIH ने कहा कि 28 नवंबर से 28 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होने वाले इस इवेंट के लिए पाकिस्तान की जगह लेने वाली टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
FIH ने PTI को जारी एक बयान में कहा कि, 'हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) को सूचित किया है कि उसकी टीम, जो शुरू में आगामी FIH हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप तमिलनाडु 2025 के लिए क्वालिफाई हुई थी, आखिरकार इसमें हिस्सा नहीं लेगी।'

बयान में आगे कहा गया है कि, 'इस इवेंट के लिए पाकिस्तान की जगह लेने वाली टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।' पाकिस्तान को भारत, चिली और स्विट्जरलैंड के साथ ग्रुप बी में रखा गया था और यह देखना बाकी है कि कौन सी टीम उनकी जगह लेती है।
दूसरे इवेंट से भी पाकिस्तान ने वापस लिया नाम
यह भारत में दूसरा ऐसा इवेंट है जिससे पाकिस्तान ने अपना नाम वापस लिया है। इससे पहले इस साल 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में हुए मेन्स एशिया कप से भी पाकिस्तान ने नाम वापस ले लिया था। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच खेल संबंध खराब हो गए हैं।
मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में ही एक साथ नजर आएंगे भारत-पाकिस्तान
भारत सरकार ने हाल ही में एक नई पॉलिसी की घोषणा की है जिसके तहत वह पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल मुकाबले नहीं खेलेगा, लेकिन मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में उनके खिलाफ खेलना जारी रखेगा। हाल ही में हुए एशिया कप के दौरान, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था।
हॉकी इंडिया को कोई जानकारी नहीं
हालांकि, हॉकी इंडिया ने कहा कि उसे पाकिस्तान के नाम वापस लेने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। HI के सेक्रेटरी जनरल भोलानाथ सिंह ने PTI को बताया, 'हमें FIH से कोई जानकारी नहीं मिली है कि पाकिस्तान ने नाम वापस ले लिया है। मैंने डेढ़ महीने पहले पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अधिकारियों से बात की थी, और उन्होंने अपनी भागीदारी की पुष्टि की थी।'
उन्होंने कहा कि, 'उसके बाद क्या हुआ, मुझे कोई जानकारी नहीं है। हमारा कर्तव्य मेजबान के तौर पर सबसे अच्छा टूर्नामेंट आयोजित करना है और उम्मीद है कि भारत खिताब जीतेगा। अब यह FIH पर निर्भर है कि वह पाकिस्तान की जगह लेने वाली टीम की घोषणा करे।'
PHF न्यूट्रल वेन्यू की तलाश में
दिलचस्प बात यह है कि जहां FIH कह रहा है कि वह एक रिप्लेसमेंट टीम की तलाश करेगा, वहीं पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने एक न्यूट्रल वेन्यू पर टूर्नामेंट में खेलने की इच्छा जताई है। PHF के सेक्रेटरी जनरल राणा मुजाहिद ने शुक्रवार को कहा कि यह तय किया गया है कि दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव के कारण नेशनल जूनियर टीम भारत नहीं जाएगी और यह बात FIH को बता दी गई है।
लाहौर में ओलंपियन ने कहा कि, 'हमने साथ ही FIH से रिक्वेस्ट की है कि वह एक न्यूट्रल जगह का इंतज़ाम करे ताकि हम जूनियर वर्ल्ड कप में हिस्सा ले सकें और अपने मैच खेल सकें, क्योंकि भारत में बड़े इवेंट होने की वजह से उनमें शामिल न हो पाना हमारी हॉकी को नुकसान पहुंचा रहा है और हमारे खिलाड़ियों के डेवलपमेंट में मदद नहीं कर रहा है।'
Junior Hockey World Cup से हटने के पीछे क्या है असली वजह?
राणा ने आगे कहा, 'हमने FIH से कहा है कि वे हमसे भारत जाकर खेलने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं, जब उनके एथलीट अलग-अलग खेलों में न्यूट्रल जगहों पर भी हाथ मिलाने को तैयार नहीं हैं। FIH का कहना है कि सभी इवेंट कॉन्फ्लिक्ट से काफी पहले भारत को दिए गए थे, इसलिए किसी ने भी ऐसी स्थिति का अंदाज़ा नहीं लगाया था।'












Click it and Unblock the Notifications