पाकिस्तान ने आखिरी बार 1992 में जीता था ओलंपिक मेडल, अब 32 साल बाद अरशद नदीम ने किया कमाल
Asrshad Nadeem Record: पाकिस्तान के अरशद नदीम ने भाला फेंक स्पर्धा में नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया है। पेरिस में प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने 92.97 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। यह प्रभावशाली उपलब्धि उन्होंने फाइनल राउंड में अपने दूसरे प्रयास में हासिल की। अरशद के थ्रो ने पिछले ओलंपिक रिकॉर्ड 90.57 मीटर को पीछे छोड़ दिया, जो 16 साल तक नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्डसन के नाम था। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन
भारत के नीरज चोपड़ा 89.45 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे। अरशद नदीम के नए ओलंपिक रिकॉर्ड की वजह से नीरज चोपड़ा पर दबाव काफी बढ़ गया और वह आगे के राउंड में उम्मीद के मुताबित प्रदर्शन नहीं कर सके।

पाकिस्तान का 32 साल का सूखा खत्म
पाकिस्तान 1948 से ओलंपिक में हिस्सा ले रहा है। लेकिन पाकिस्तान ने पहला मेडल साल 1956 में जीता था। पाकिस्तान ने ओलंपिक में आखिरी मेडल 1992 में जीता था। 32 सालों से पाकिस्तान ओलंपिक में कोई भी मेडल जीतने में कामयाब नहीं हो सका था। लेकिन पेरिस ओलंपिक में अरशद नदीम ने 32 साल का सूखा खत्म करते हुए पाकिस्तान को मेडल दिलाने में कामयाबी हासिल की।
40 साल बाद मिला गोल्ड
वहीं गोल्ड मेडल की बात करें तो पाकिस्तान ने 40 साल के बाद गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की। पाकिस्तान ने पहला ओलंपिक मेडल साल 1956 के ओलंपिक में मिला था और उसके खाते में अब कुल 11 मेडल हो गए हैं। यह उपलब्धि पाकिस्तान के लिए मील का पत्थर है क्योंकि अरशद नदीम ओलंपिक में देश के लिए व्यक्तिगत पदक जीतने वाले केवल तीन व्यक्तियों में से एक बन गए हैं। उनके प्रदर्शन ने पाकिस्तान को गौरव और खुशी दी है।












Click it and Unblock the Notifications