दुनिया के टॉप-10 एथलीट ही फेंक सकते हैं ऐसी थ्रो, वायरल हुआ भारत के अगले नीरज चोपड़ा का VIDEO
नई दिल्ली: भारत के एक भाला फेंक खिलाड़ी की वीडियो काफी वायरल हो रही है। जबसे नीरज चोपड़ा ने इस खेल को नई पहचान दिलाई है तब से कई युवाओं ने जेवलिन को प्रोफेशनल खेल के तौर पर आजमाने की ओर कदम बढ़ाए हैं। नीरज ओलंपिक में इतिहास रच चुके हैं। उन्होंने उस ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने का करिश्मा किया था जिसमें कोई भी भारतीय एथलीट आसपास भी नहीं फटका था। केवल मिल्खा सिंह ने कुछ उम्मीदों को छुआ था लेकिन वे भी देश के किसी एथलीट को गोल्ड जीतते देखने का ख्वाब लिए दुनिया से विदा हो गए।

नीरज चोपड़ा के बाद जेवलिन में उभरती प्रतिभाएं-
नीरज चोपड़ा आज अपने आप में एक गाथा हैं। जब भी कोई बच्चा भाला फेंकता है उसमें नीरज चोपड़ा के बचपन का संघर्ष झलक उठता है। आज किसी भी लड़के लिए नीरज चोपड़ा बनना पहले की तुलना में आसान है क्योंकि यह खेल किसी पहचान और रोल मॉडल का मोहताज नहीं रहा।
भारत के ग्रामीण युवा खेलों को लेकर जुनूनी हैं। वहां परवरिश ऐसी होती है कि खेलों को लेकर दिलचस्पी बढ़ ही जाती है। शुरुआत कुदरती परिवेश में अपनी क्षमता को आजमाने से होती है। खिलाड़ी अच्छा करता है तो सरकारी नौकरी की चाहत जोर मारने लगती है। खेल कब जुनून में तब्दील हो जाता है ये पता नहीं चलता और कब कोई एक और नीरज चोपड़ा बन जाएगा ये भी पता नहीं चलेगा। हां, सरकार और सुविधाओं के ऊपर भी एक ओलंपिक मेडल टिका होता है। प्रतिभा तो अपनी जगह है ही।
रोहन यादव की वीडियो वायरल हो रही है
फिलहाल एक ऐसा ही प्रतिभाशाली लड़का रोहन यादव के रूप में देखने को मिल रहा है। रोहन की वीडियो वायरल हो रही है और देश के लोग सोच रहे हैं कहीं हमारे सामने एक और नीरज चोपड़ा का विकास तो नहीं होने जा रहा। दरअसल यह वीडियो पेरू के जेवलिन कोच माइकल मुसेलमैन ने शेयर की है। यही उत्सुकता की बात है। वीडियो में रोहन यादव को अपना रन-अप लेते और थ्रो करते हुए देखा जा सकता है।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, "रोहन यादव। वह केवल 15 साल का है और 65 मीटर व 800g के साथ ट्रेनिंग कर रहा है।!! वह भारत में सबसे बड़ी भाला प्रतिभाओं में से एक है। यह अकेली थ्रो ही उसे दुनिया में टॉप-10 U18 में जगह देगा!!! उसके पास बहुत क्षमता है। मैं 2021 से उसको कोचिंग दे रहा हूं। उस पर नजर रखें!"

ये लड़का अब से 4-6 वर्षों में अगला चोपड़ा हो सकता है-
मुसेलमैन फिर लोगों से थ्रोअर को स्पॉन्सर करने का अनुरोध करते हैं, और वादा करता है कि वह अगले कुछ वर्षों में चोपड़ा द्वारा हासिल की गई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। वह कहते हैं कि यादव अब से 4-6 वर्षों में अगला चोपड़ा हो सकता है।
मुसेलमैन ने इससे पहले जनवरी में भी रोहन के वीडियो ट्वीट किए थे जिसमें उन्होंने कहा था कि थ्रोअर 58.99 मीटर तक फेंक पाया है। और इस साल 65 मीटर से 68 मीटर तक थ्रो संभव है।












Click it and Unblock the Notifications