Neeraj Chopra इस मामले में बने नम्बर 1, दिग्गज उसेन बोल्ट को पछाड़ा
नीरज चोपड़ा का नाम एथलेटिक्स वर्ल्ड में अलग स्तर पर लिया जाता है। उनके लिए इस साल सबसे ज्यादा आर्टिकल लिखे गए हैं।

Neeraj Chopra: एथलेटिक्स वर्ल्ड में नीरज चोपड़ा किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने ओलंपिक में जैवेलिन का गोल्ड मेडल जीतने के बाद खासी लोकप्रियता पाई है। भारत से लेकर पूरी दुनिया में नीरज चोपड़ा के करोड़ों फैन्स हैं। साल 2022 उनके लिए काफी खास रहा है। टोक्यो ओलंपिक्स में गोल्ड जीतने के बाद नीरज चोपड़ा के काफी इंटरव्यू हुए और बहुत आर्टिकल उनके बारे में लिखे गए। इस साल उनके खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। साल 2022 में नीरज चोपड़ा पर सबसे ज्यादा आर्टिकल लिखे गए हैं। इस मामले में उन्होंने कई दिग्गज एथलीट्स को पीछे छोड़ दिया।
नीरज ने छोड़ा उसेन बोल्ट को पीछे
एथलीट जगत के दिग्गज धावक उसेन बोल्ट के ऊपर चर्चा सबसे ज्यादा रहती है और उनके बारे में काफी कुछ लिखा जाता है लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। नीरज चोपड़ा ने बोल्ट को पीछे छोड़ते हुए नम्बर एक का ताज हासिल किया है। इस साल उनके ऊपर 812 आर्टिकल लिखे गए हैं। जमैका की एलन थॉम्पसन के नाम 751 आर्टिकल हैं। लिस्ट में नम्बर तीन पर शेली एन फ्रेजर हैं जिनके ऊपर 698 आर्टिकल लिखे गए हैं। नम्बर 4 पर महिलाओं की 200 मीटर रेस वर्ल्ड चैम्पियन शेरिका जैक्सन हैं। उनके नाम 679 आर्टिकल हैं। उनके बाद उसेन बोल्ट का नाम आता है। बोल्ट के लिए इस साल 574 आर्टिकल लिखे गए हैं। हालांकि साल 2017 में संन्यास के बाद भी यह आंकड़ा कम नहीं कहा जा सकता है।
नीरज का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन इस साल भी काफी धाकड़ रहा है। उन्होंने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इसके अलावा इस साल हुई डायमंड लीग में भी नीरज ने जीत दर्ज की थी। इस लीग में जीत दर्ज करने वाले वह पहले भारतीय हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स के प्रेसिडेंट सेबेस्टियन ने कहा है कि यह देखना दिलचस्प रहा है कि इस साल इस लिस्ट में बोल्ट टॉप पर नहीं हैं। मेरे लिए यह दृढ़ता का शानदार उदाहरण है। यह एथलीट्स के प्रयासों के कारण हुआ है और उनको लोकप्रियता के बाद ब्रॉडकास्टिंग में ज्यादा समय भी दिया जाने लगा है।












Click it and Unblock the Notifications