खेलो इंडिया विंटर गेम्स की लद्दाख को मिली मेजबानी, खेल मंत्री ने तारीफ में जमकर पढ़े कसीदे
छठे खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को नावांग दोरजे स्तोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में हुआ। पारंपरिक संगीत और लोक नृत्यों से सजे रंगारंग उद्घाटन समारोह में लद्दाख के माननीय उपराज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने खेलों को औपचारिक रूप से घोषित किया।
उद्घाटन समारोह में सेना और लद्दाख के बीच प्रदर्शनी आइस हॉकी मैच खेला गया। आइस स्केटिंग और आइस हॉकी जैसे आइस स्पोर्ट्स की मेजबानी कर रहा लद्दाख चरण 26 जनवरी को संपन्न होगा। यह तीसरी बार है, जब केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की मेजबानी कर रहा है। खेलों का स्नो लेग इस वर्ष के अंत में गुलमर्ग (जम्मू एवं कश्मीर) में आयोजित किया जाएगा।

खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 के पहले चरण का आयोजन केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है। आइस स्पोर्ट्स के आयोजन के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
लद्दाख के लिए अपने संदेश में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, "मैं केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को एक बार फिर खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की सफल मेजबानी और पूरे आत्मविश्वास व क्षमता के साथ यह सिद्ध करने के लिए बधाई देता हूँ कि भारत के शीतकालीन खेलों का भविष्य हिमालय से आकार ले रहा है।
डॉ. मांडविया ने आगे कहा, "खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 को जानबूझकर दो चरणों में आयोजित किया गया है।लेह में आइस स्पोर्ट्स हो रहे हैं और उसके बाद फरवरी में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर के गुलमर्ग में स्नो स्पोर्ट्स का आयोजन होना है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को निरंतरता, गहराई और उच्च गुणवत्ता का प्रतिस्पर्धी अनुभव प्रदान करना है। यह संरचना खिलाड़ियों को विभिन्न भू-भागों और परिस्थितियों में स्वयं को परखने का अवसर देती है, जो अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन खेल मानकों के अनुरूप है। इस प्रकार की लगातार हो रहीं घरेलू प्रतियोगिताएँ भारत के लिए आवश्यक हैं, ताकि देश केवल छिटपुट भागीदारी तक सीमित न रहकर शीतकालीन ओलंपिक खेलों में विश्वसनीयता, निरंतरता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित कर सके।"
प्रतियोगिताएँ तीन स्थलों- नवसज्जित एनडीएस स्टेडियम, गुपुख तालाब और लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर आइस रिंक पर आयोजित की जा रही हैं। फिगर स्केटिंग, जो एक ओलंपिक खेल है) और जिसमें भारतीय खिलाड़ी लगातार तरक्की कर रहे हैं, को पहली बार खेलों के कार्यक्रम में शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications