16 साल की उम्र, 16 सेकंड में विरोधी को किया चारों खाने चित और उसी साल जीता लाखों का कॉन्ट्रैक्ट
सनसनीखेज़ फाइटर जोहान गज़ाली का ONE Championship डेब्यू किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म की कहानी की तरह रहा। उन्होंने 16 वर्ष की आयु में संगठन में कदम रखते हुए मात्र 16 सेकंड में एक ही मुक्के के दम पर अपने विरोधी पाडेत्सुक फेयरटेक्स को ढेर कर दिया।
अब प्रमोशन में 10 मैचों का अनुभव करने के बाद युवा मलेशियाई-अमेरिकी स्ट्राइकर इस हफ्ते एक्शन में उतरेंगे। उनका सामना ONE Friday Fights 141 इवेंट में म्यांमार के स्टार ये यिंट नाउंग से फ्लाइवेट मॉय थाई मुकाबले में होगा।

बचपन में खेलों से नहीं था जरा सा भी लगाव
छोटी से उम्र में कामयाबी की नई इबारत लिख चुके गज़ाली को देखकर आज इस बात का अंदाजा लगाना बड़ा ही मुश्किल काम है कि बचपन में खेलों से दूर भागते थे। उन्होंने कभी एक खिलाड़ी बनने की कोई कल्पना नहीं की थी।
19 वर्षीय स्टार ने याद करते हुए बताया, "सच कहूं तो मुझे खेलों से नफरत थी। मुझे दौड़ना और बाहर जाकर खेलना पसंद नहीं था। मैं बस एक आलसी बच्चा था, जिसे कुछ नहीं करना और सिर्फ आराम पसंद था।"
माता-पिता के नक्शे-कदम पर चल निकले युवा स्टार
गज़ाली ने 2023 में ONE के भीतर लगातार पांच फाइट जीतीं, जिसमें से चार नॉकआउट से जरिए आईं। इसके साथ ही उन्होंने 1 लाख यूएस डॉलर का मेन रोस्टर कॉन्ट्रैक्ट भी हासिल कर इतिहास रचा। लेकिन मॉय थाई के खेल में आने की कहानी उनके माता-पिता की वजह से शुरु हुई।
गज़ाली के माता-पिता भी फाइटर थे। वह अपने बच्चों को इससे जुड़ी तकनीक और बारीकियां बताते रहते थे, मगर कभी बच्चों को इस खेल में आने के लिए जबरदस्ती नहीं की। गज़ाली ने 10 साल की उम्र में मॉय थाई के प्रति गंभीरता दिखाई और जब पहली फाइट लड़ी तो कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
19 वर्षीय स्टार ने कहा, "ईमानदारी से कहूँ तो मैं बिल्कुल भी फाइट करना नहीं चाहता था। लेकिन जब मैंने फाइट की तो रुकने का मन ही नहीं हुआ।"












Click it and Unblock the Notifications