इंटरनेशनल लेवल पर छाईं भोपाल की लड़कियां, फेंसर प्रज्ञा ने लंदन व रेसलर प्रियांशी ने बुल्गारिया में जीता मेडल
भोपाल के प्लेयर अब इंटरनेशनल लेवल पर भी अपना परचम लहरा रहे हैं। यहां की तलवारबाज प्रज्ञा सिंह ने 4 दिन पहले लंदन में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है।
भोपाल,25 अगस्त। मध्य प्रदेश अकादमी भोपाल के प्लेयर अब इंटरनेशनल लेवल पर भी अपना परचम लहरा रहे हैं। यहां की तलवारबाज प्रज्ञा सिंह ने 4 दिन पहले लंदन में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है। जबकि रेसलर प्रियांशी प्रजापति ने बुल्गारिया में हुए वर्ल्ड रेसलिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर, भोपाली नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है। दोनों ही खिलाड़ी टीटी नगर स्टेडियम में रहकर ट्रेनिंग ले रही हैं और कड़ी मेहनत भी कर रही हैं। दोनों ने ही अपने नेशनल करियर में अब तक 11-11 मेडल जीते हैं।

दोनों भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में सीखती है कौशल
प्रज्ञा सिंह ने बताया कि लंदन में मिला मेडल इंटरनेशनल लेवल पर उनका दूसरा मेडल है। इससे पहले वे एशियन चैंपियनशिप में भी सिल्वर जीत चुकी हैं। प्रज्ञा टीटी नगर स्टेडियम के नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल के दूसरे फ्लोर पर तलवारबाजी के कौशल सीखती हैं। इसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर प्रियांशी प्रजापति कुश्ती के दांवपेच देखती हैं प्रियांशी ने बताया कि वर्ल्ड रेसलिंग इवेंट 17 अगस्त को बुल्गारिया में हुआ था यहां उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला मेडल जीता है।

एशियन गेम के क्वालिफिकेशन पर फोकस
प्रियांशी प्रजापति ने बताया कि उन्होंने अपना पहला मेडल ही इंटरनेशनल मेडल वर्ल्ड रेसलिंग में जीता है। उन्होंने बताया कि वह घर पर अपने पिता और बहन से कुश्ती की बारीकियां सीखती हैं। उनके पिता और बड़ी बहन दोनों ही नेशनल लेवल के रेसलर रहे हैं बचपन से ही घर में ऐसा माहौल देखा इसलिए उन्हें इस खेल को समझने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पिछले दिनों हरियाणा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड जीता था तभी उन्हें विश्वास हो चला था कि वह वर्ल्ड कुश्ती के लिए ना केवल क्वालीफाई कर सकती हैं, बल्कि वहां पर विरोधी पहलवानों को पछाड़ भी सकती हैं। बस इसी हौसले के साथ में आगे बढ़ रही हैं और ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद उनका हौसला और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा है कि अब एशियंस गेम्स के क्वालिफिकेशन पर फोकस कर रही हैं।

वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पहली बार हासिल किया पदक
मध्यप्रदेश की प्रियांशी की बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पहली बार पदक हासिल किया है। राज्य कुश्ती अकादमी ऑफ़ एक्सलेंस की प्रियांशी प्रजापति ने बुल्गारिया के सोफ़िया में 15-21 अगस्त तक आयोजित विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश को किया गौरवान्वित।
मध्य प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को अंडर-20 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता मार्शल आर्ट्स अकादमी ऑफ़ एक्सलेन्स की प्रियांशी प्रजापति को प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट कर सम्मानित किया। संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री रवि कुमार गुप्ता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

मध्य प्रदेश के खेल मंत्री ने किया सम्मानित
लंदन में फेंसर चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले प्रज्ञा सिंह को मध्य प्रदेश के खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सम्मानित किया और उन्हें प्रोत्साहन राशि का चेक भी दिया। मंत्री ने कहा कि प्रज्ञा सिंह ने तलवारबाजी में मध्यप्रदेश का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है।












Click it and Unblock the Notifications