Haryana Chunav Result: ओलंपिक मेडल से चूकीं, अब सियासी अखाड़े में विनेश फोगाट ने मारी बाजी
Haryana Vidhan Sabha Chunav Results 2024: महिला पहलवान विनेश फोगट ने खेल के मैदान से राजनीति के मैदान में कदम रखा और हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हुए विनेश फोगट ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के योगेश कुमार को हराकर जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव जीतने में कामयाबी हासिल की। यह जीत उनके लिए कई मायनों में खास है।
विनेश फोगट को मिली जीत
हरियाणा विधानसभा चुनाव में पहलवान विनेश फोगाट ने जीत का परचम लहराकर सभी का दिल जीतने का काम किया। विनेश फोगाट ने 6015 वोटों से शानदार तरीके से चुनाव जीत लिया। विनेश ने यहां बीजेपी के कैप्टन योगेश बैरागी को हराया। विनेश फोगट का यह चुनाव सिर्फ़ जुलाना सीट के लिए नहीं था, बल्कि देश में मौजूद चुनौतियों के खिलाफ़ था, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। विनेश फोगट की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं।

ओलंपिक में मेडल से गईं थी चूक
पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद विनेश फोगाट जीत हासिल करने से चूक गई थीं। पेरिस में बिना कोई मैच हारे वो फाइनल तक पहुंचीं लेकिन सिर्फ 100 ग्राम ज्यादा वजन की वजह से उन्हें डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। इसके बाद CAS से फोगाट ने सिल्वर मेडल की गुहार लगाई। लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया। निराश होकर पेरिस ओलंपिक के बाद विनेश फोगाट ने संन्यास का ऐलान कर दिया।
बजरंग पुनिया ने कही ये बात
इस घटना के दो महीने बाद ही उन्होंने कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ते हुए शानदार जीत हासिल की। विनेश फोगाट के साथी पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया ने फोगाट की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उनकी जीत को लेकर कहा कि देश की बेटी विनेश फोगाट को जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई। यह लड़ाई सिर्फ़ एक जुलाना सीट के लिए नहीं थी, यह सिर्फ़ 3-4 अन्य उम्मीदवारों के साथ नहीं थी, यह सिर्फ़ पार्टियों की लड़ाई नहीं थी। यह लड़ाई देश की सबसे मजबूत दमनकारी शक्तियों के खिलाफ़ थी। और विनेश इसमें विजेता रहीं।












Click it and Unblock the Notifications