'होटल के कमरे में जबरदस्ती ले जाकर मेरा रेप किया', टीम के कोच 17 साल की खिलाड़ी का गंभीर आरोप
Haryana teen Players News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट और नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज पर एक 17 वर्षीय नाबालिग निशानेबाज (शूटर) ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के सामने आने के बाद खेल जगत में हड़कंप मच गया है और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भारद्वाज को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
'परफॉर्मेंस एनालिसिस' के बहाने रोका (Haryana teen Players News)
पीड़ित किशोरी 2017 से शूटिंग कर रही है और पिछले साल से भारद्वाज से ट्रेनिंग ले रही थी। लड़की ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना दिसंबर के मध्य में हुई। 16 दिसंबर को वह दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एक नेशनल लेवल मैच के लिए आई थी। मैच खत्म होने के बाद जब वह घर जाने वाली थी, तब कोच ने उसे 'परफॉर्मेंस एनालिसिस' के बहाने रुकने को कहा।

चुप रहने के लिए नाबालिग को दी थी धमकी
बाद में भारद्वाज ने उसे फरीदाबाद के एक पांच सितारा होटल में बुलाया। शिकायत के अनुसार, जब वह होटल पहुंची तो कोच ने उसे अपने कमरे में बुलाया। वहां उन्होंने मदद के बहाने छात्रा के साथ जबरदस्ती की और उसका यौन शोषण किया। आरोप है कि घटना के बाद अंकुश भारद्वाज ने नाबालिग को धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसका करियर बर्बाद कर देगा।
माता-पिता से कर दी शिकायत
डरी हुई छात्रा काफी समय तक चुप रही। मामला तब खुला जब कोच ने उल्टा लड़की के माता-पिता से उसकी शिकायत कर दी कि वह अब उसकी बात नहीं मान रही है। जब मां ने बेटी के तनाव का कारण पूछा तब उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अंकुश भारद्वाज के खिलाफ POCSO एक्ट (धारा 6) और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
2008 कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स में गोल्ड जीतने वाले भारद्वाज पहली बार नहीं विवादों में घिरे हैं। इससे पहले साल 2010 में डोपिंग टेस्ट में फेल होने के कारण उन पर प्रतिबंध लगा था। मौजूदा समय में वह 13 नेशनल पिस्टल कोचों में से एक थे और मोहाली में अपनी शूटिंग रेंज चलाते हैं। उनकी पत्नी, अंजुम मौदगिल, देश की जानी-मानी दो बार की ओलंपियन हैं।












Click it and Unblock the Notifications