गरीबी ने मारा और भूख ने सताया, दर्द से निकलकर 13 बार वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले फाइटर की कहानी
करियर में 400 से अधिक प्रोफेशनल फाइट्स का हिस्सा रह चुके महान मॉय थाई फाइटर सैम-ए ने कभी भी नहीं सोचा था कि वो तंगहाली मे जीवन बिताने के बाद इतने बड़े मुकाम पर पहुंचने में सफल हो जाएंगे। यहां तक कि उन्होंने अपने करियर में 13 मॉय थाई और किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती।
अब यही 42 वर्षीय धुरंधर ONE Championship के इस शुक्रवार को होने वाले इवेंट The Inner Circle 23 में अपने से 20 साल छोटे अलिफ सोर डेचापैन के खिलाफ ONE अंतरिम स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच में उतरेंगे। इस मैच का विजेता चैंपियन प्राजनचाई के खिलाफ बेल्ट को यूनिफाई करने के लिए भविष्य में शिरकत करता हुआ नजर आएगा।

गरीबी और तंगहाली में गुजरा बचपन
स्ट्राइकिंग के खेल में आज सैम-ए भीष्म पितामह की तरह बन गए हैं। वो संगठन में दो खेलों और दो डिविजन की बेल्ट अपने नाम कर चुके हैं। लेकिन हालात हमेशा से ऐसे नहीं थे। एक समय ऐसा था कि जब परिवार के पांच सदस्यों को टूटे-फूटे घर में सिर छिपाना पड़ता था।
उन्होंने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया, "बचपन में और मेरे परिवार को बहुत कठिनाइयां उठानी पड़ीं क्योंकि हम बांस से बनी झोपड़ी में रहते थे। उसमें कोई पक्का दरवाजा भी नहीं था। उस कमरे के एक तरफ मेरे माता-पिता सोते थे और दूसरी तरफ हम तीनों बच्चे एक मच्छरदानी के नीचे सोते थे।"
बचपन की कर्मठता और सच्चाई ने भविष्य की नींव रखी
कहते हैं कि बचपन चाक पर चढ़ी हुई मिट्टी की तरह होता है, उसे जिस भी आकार में ढालो, वो उसका रूप ले लेता है। सैम-ए बचपन में शरारती तो जरूर थे, लेकिन उनके मन में यही रहता था कि कैसे काम पर जाने वाले माता-पिता के जीवन को थोड़ा सा आसान बनाया जा सके।
दिग्गज ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा "हम तीनों भाई-बहन काम आधा-आधा बांट लेते थे कि जब मम्मी-पापा थके हुए घर आएं तो उनके लिए काम आसान हो जाएं। मैं बच्चा था तो तब लगता था कि पैसे कमाना असंभव काम है।"


Click it and Unblock the Notifications
