Senior National Rugby 7s Championship 2025 के लिए हरियाणा ने कसी कमर, स्क्वाड का किया ऐलान
Senior National Rugby 7s Championship 2025: 27-28 अप्रैल से असम के गुवाहाटी में शुरू हो रही सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप के लिए डिफेंडिंग चैंपियंस हरियाणा का स्क्वाड घोषित कर दिया गया है। इस टीम की कमान हिसार के दीपक कुमार पूनिया को सौंपी गई है जबकि टीम का उपकप्तान झज्जर के अजय देशवाल को बनाया गया है।
हरियाणा की इस टीम में सोनीपत से सबसे ज्यादा 8 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा झज्जर से दो, जबकि हिसार और अंबाला से एक-एक खिलाड़ी को टीम में शामिल किया गया है। साथ ही सोनीपत के दो खिलाड़ियों को रिजर्व के तौर पर टीम में जगह दी गई है। इस टूर्नामेंट में हरियाणा टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी दिल्ली के अरुण डागर को सौंपी गई है।

हरियाणा के सीनियर खिलाड़ी और भारत के पूर्व कप्तान विकास खत्री ने कहा कि, 'हरियाणा का प्रतिनिधित्व हमेशा एक गर्व का क्षण होता है, ख़ास कर एक ऐसे टूर्नामेंट में जहां हमारे पास इतनी समृद्ध विरासत है। इतने सालों तक इस टीम का हिस्सा होने और डिफेंडिंग चैंपियंस के रूप में सीनियर नेशनल रग्बी 7S चैंपियनशिप 2025 में जा रहे हैं, जीतने की भूख अभी भी समान है। हमने कड़ी मेहनत की है और लक्ष्य स्पष्ट है- गोल्ड मेडल घर लाना है।'
बता दें कि इस साल सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप का 12वां सीजन खेला जाएगा और अब तक खेले गए 11 सीजन में हरियाणा सबसे सफल टीम रही है। इस टूर्नामेंट में हरियाणा ने 2015, 2017, 2018, 2019, 2021, 2022, 2023 और 2024 में गोल्ड मेडल, जबकि 2016 में सिल्वर मेडल जीता है।
साल 2024 में खेले गए सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में हरियाणा ने फाइनल मुकाबले में वेस्ट बंगाल को हरा कर खिताब अपने नाम किया था, जबकि ओडिशा की टीम ने टूर्नामेंट तीसरे स्थान पर खत्म किया था।
हरियाणा ने हाल ही में रवरी में हुए नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था और ये उनका टूर्नामेंट के इतिहास में चौथा गोल्ड मेडल था। ऐसे में दो महीने बाद एक बार फिर दीपक कुमार पूनिया की टीम अपने टाइटल को डिफेंड करते हुए एक और गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरेगी।
सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप के लिए हरियाणा का स्क्वाड:
दीपक कुमार पूनिया (कप्तान), अजय देशवाल (उपकप्तान), नीरज खत्री, सुरेश कुमार, हितेश डागर, साहिल तुशीर, तिलज राज, मोहित तुशीर, विकास खत्री, प्रिंस खत्री, अनिकेत और मोहित खत्री। कोच- अरुण डागर। अन्य खिलाडी: हैप्पी और सचिन












Click it and Unblock the Notifications