Paris Olympics: भारतीय एथलीट्स पर बरसा छप्पर फाड़ कर पैसा, BCCI ने किया 8.5 करोड़ रुपये देने का ऐलान
Paris Olympics 2024, Latest News: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को 8.5 करोड़ रुपये देने का वादा किया है। इस वित्तीय सहायता की घोषणा बीसीसीआई सचिव जय शाह ने रविवार 21 जुलाई को सोशल मीडिया के माध्यम से की है।
जय शाह ने किया ट्विट
जय शाह ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि BCCI 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हमारे एथलीटों का समर्थन करेगा। हम अभियान के लिए IOA को 8.5 करोड़ रुपये प्रदान कर रहे हैं। हमारे सभी खिलाड़ियों को हम शुभकामनाएं देते हैं। भारत को गौरवान्वित करें! जय हिंद!"

117 खिलाड़ी होंगे शामिल
पेरिस ओलंपिक के लिए भारत की तरफ से 117 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें 47 महिलाएं और 70 पुरुष एथलीट शामिल हैं। ट्रैक और फील्ड एथलीटों का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व 29 प्रतिभागियों के साथ होगा। इसके बाद निशानेबाजों का स्थान है, जिसमें 21 एथलीट शामिल होंगे।
26 जुलाई से होगी ओलंपिक की शुरुआत
एथलीटों में मीराबाई चानू भारोत्तोलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने इससे पहले साल 2021 में टोक्यो खेलों में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा घुड़सवारी, जूडो और नौकायन में भारत की तरफ से एक-एक एथलीट होंगे। पेरिस ओलंपिक का उद्घाटन समारोह 26 जुलाई को होना है।
हालांकि रग्बी, फुटबॉल ग्रुप स्टेज और तीरंदाजी रैंकिंग राउंड जैसे इवेंट पहले ही शुरू हो जाएंगे। भारत का ओलंपिक सफर 25 जुलाई को व्यक्तिगत तीरंदाजी रैंकिंग राउंड के साथ शुरू होगा। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भारत ने एक गोल्ड, दो सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। देश को पेरिस में अपनी पदक तालिका में सुधार की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications