IND vs NEP: 'देश के प्रति ये है जुनून', राष्ट़्रगान सुनते ही साई किशोर की आंखों से निकले आंसू, देखें Video
IND vs NEP match: एशियाई खेल 2023 में भारतीय खिलाड़ियों का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। आज एशियन गेम्स के दसवें दिन चीन के हांगझोऊ में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को क्वार्टर मुकाबले में 23 रनों से पराजित किया है और इस जीत के साथ ही उसने सेमीफाइनल में अपनी जगह बन ली है।

मालूम हो कि भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए जिसके जवाब में नेपाल की टीम 179 रन ही बना पाई, इंडिया की ओर से आज यशस्वी जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन किया और 48 गेंदों में सैकड़ा जड़कर सफलता का नया इतिहास लिखा।
आज दो भारतीय युवा सितारों ने डेब्यू किया
तो वहीं इस मैच में आज दो भारतीय युवा सितारों ने अपने डेब्यू किया और उन दोनों खिलाड़ियों के नाम हैं, बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर और युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा। इन दोनों ने लगातार घरेलू क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन किया था, जिसके चलते आज भारतीय कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की टीम में दोनों को डेब्यू करने का मौका मिला है।
अपनी भावुकता को साई किशोर छिपा भी नहीं पाए
अपने देश के लिए खेलना हर सच्चे खिलाड़ी का सपना होता है और इसलिए ये पल दोनों ही खिलाड़ियों के लिए काफी भावुक भी था और इसी भावुकता को साई किशोर छिपा भी नहीं पाए।
राष्ट़्रगान सुनते ही भावुक हुए साई किशोर
दरअसल टी20 मैच शुरू होने से ठीक पहले जब दोनों ही टीमें राष्ट्रगान के लिए मैदान पर पहुंची तब आर साई किशोर जन-गण मन सुनते ही भावुक हो गए, उनके नयन आंसू से भरे हुए थे, उनके उस वीडियो को देखकर हर भारतीय की भी आंखें गर्व से छलछला उठीं और उन्होने अपने इस प्यारे भारतीय के लिए भावुक संदेश भी भेज दिए।
'देश और खेल के प्रति शुद्ध जुनून है, साई तुम पर गर्व है'
इस वक्त सोशल मीडिया पर आर साई किशोर को लेकर लोग जबरदस्त ढंग से मैसेज कर रहे हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि 'देश और खेल के प्रति शुद्ध जुनून है, साई तुम पर गर्व है'।
'सच में देश से बड़ा कुछ भी नहीं, ऑल द बेस्ट साई'
तो किसी ने लिखा कि 'सच में देश से बड़ा कुछ भी नहीं, ऑल द बेस्ट साई'। कुल मिलाकर इस वक्त स्पिनर आर साई किशोर सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मालूम हो कि अपने पहले मैच में आर साई किशोर ने एक विकेट भी लिया।
साईं को गुजरात टाइटंस की टीम ने खरीदा था
गौरतलब है कि आर साईं किशोर का पूरा नाम रवीश्रीनिवासन किशोर है। 26 नवंबर 1996 को तमिलनाडु के चेन्नई में जन्मे आर साईं लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर होने के साथ-साथ लेफ्ट हैंड बैट्समैन भी हैं। उन्हें 2022 में हुए इंडियन प्रीमियर लीग के मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस की टीम ने खरीदा था।












Click it and Unblock the Notifications