10 साल की उम्र में खेला पहला कबड्डी मैच, भारत को जिताया वर्ल्ड कप, जानिए कौन हैं प्रदीप नरवाल
Pro Kabaddi League Pardeep Narwal: प्रो कबड्डी लीग में एक मामूली परिवार से लाखों कमाने वाले प्रदीप नरवाल इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में ऑक्शन के दौरान बेंगलुरु बुल्स ने प्रदीप नरवाल को 70 लाख रुपये में खरीदा है। बेंगलुरु बुल्स से पहले लंबे समय तक प्रदीप पटना पाइरेट्स के लिए कबड्डी खेल चुके हैं।
जानें कब हुई थी प्रो कबड्डी लीग की शुरुआत
साल 2014 में प्रो कबड्डी लीग की शुरुआत हुई थी। इस दौरान किसी ने इसकी अपार सफलता की उम्मीद नहीं की थी। हर सीज़न ने न केवल इसकी लोकप्रियता को बढ़ाया है, बल्कि नए सितारे भी पेश किए हैं। इस टूर्नामेंट में प्रदीप नरवाल सबसे अलग इसलिए भी हैं क्योंकि लगातार रिकॉर्ड तोड़कर उन्होंने कई बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

हरियाणा के हैं प्रदीप
प्रदीप नरवाल का जन्म हरियाणा के सोनीपत जिले के रिंधाना गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। कबड्डी के प्रति उनका जुनून बचपन से ही शुरू हो गया था। महज 10 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला मैच खेला और पेशेवर रूप से इस खेल को अपनाने का फैसला किया। 2006 के एशियाई खेलों में राकेश कुमार को भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देखकर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने की उनकी इच्छा बढ़ गई।
पटना की तरफ से रहा शानदार प्रदर्शन
प्रो कबड्डी लीग में सबसे पहले प्रदीप को बेंगलुरु बुल्स द्वारा साल 2015 में खरीदा गया था। प्रदीप ने 2015 में अपने पहले सीज़न में केवल छह मैच खेले। हालांकि, उनके करियर ने तब महत्वपूर्ण मोड़ लिया। साल 2016 में प्रदीप को पटना पाइरेट्स ने खरीदा। प्रदीप के प्रदर्शन ने पटना पाइरेट्स को लगातार तीन सीजन के लिए चैंपियन बना दिया। अकेले पांचवें सीज़न में उन्होंने 369 अंक बनाए।
सलमान खान के हैं फैन
मैट पर अपनी कुशलता के बावजूद प्रदीप कैमरे से दूर रहते हैं। लीग में इतने सीजन बिताने के बाद भी उन्हें कैमरे के सामने असहजता महसूस होती है। मैट से बाहर प्रदीप एक साधारण जीवन जीते हैं और फिल्मों के शौकीन हैं और सलमान खान उनके पसंदीदा अभिनेता हैं। वह जिम वर्कआउट के बजाय सोना पसंद करते हैं और शाकाहारी भोजन का सेवन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications