Pro Kabaddi League: यू-मुम्बा ने खोला जीत का खाता, गुजरात जायंट्स को किया धराशाई
Pro Kabaddi League: यू मुंबा ने बुधवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 12वें मैच में गुजरात जायंट्स को 33-27 के स्कोर से हरा दिया। यह इस सीजन में यू मुंबा की पहली जीत है जबकि गुजरात को दो मैचों में पहली हार मिली है। यू मुंबा के लिए आमिरमोहम्मद जफरदानेश ने सबसे अधिक 10 अंक लिए जबकि डिफेंस में सोमवीर ने चार अंक बनाए।
इसके अलावा कप्तान सुनील कुमार ने तीन अंकों का योगदान दिया। गुजरात की ओर से सोमवीर ने लगातार दूसरा हाई-5 लगाया लेकिन रेडरों की नाकामी भारी पड़ी। गुमान सिंह और परतीक दहिया जैसे रेडर क्रमशः तीन और पांच अंक ही जुटा सके।

दोनों टीमों ने सधी हुई शुरुआत की। चार मिनट के बाद स्कोर 3-3 था। गुमान ने गुजरात को पहली बार लीड दिलाई और फिर जफरदानेश को लपक गुजरात के डिफेंस ने स्कोर 5-3 कर दिया। सातवें मिनट में गुजरात के लिए पहली डू ओर डाई रेड पर गुमान गए लेकिन सोमवीर ने उन्हें आउट कर दिया। स्कोर अब 6-6 हो चुका था।
इसके बाद मंजीत ने कप्तान नीरज को बाहर कर मुंबा को 7-6 की स्कोरलाइन से लीड दिला दी। इसी बीच सोमवीर ने परतीक को बैकहोल्ड कर मुंबा की लीड तीन की कर दी। शुरुआती 10 मिनट में मुंबा 9-6 से आगे थे। ब्रेक के बाद राकेश ने डू ओर डाई रेड पर बोनस लिया। गुजरात के लिए सुपर टैकल आन था।
जफरदानेश लॉबी के बाहर गए औऱ इस तरह गुजरात ने स्कोर 9-9 कर लिया। फिर चार के डिफेंस ने मंजीत का शिकार कर गुजरात को लीड दिला दी। हालांकि डू ओर डाई रेड पर रिंकू ने गुमान का एंकल होल्ड कर स्कोर फिर बराबर कर दिया। मुंबा की टीम 11-10 से आगे थी और अब गुजरात के लिए सुपर टैकल आना था। हिमांशू ने आते ही एक अंक लिया और यह स्थिति टाल दी। अगली डू ओर डाई रेड पर वह लपके गए। स्कोर अब 12-12 से बराबर हो गया था।
जफरदानेश ने इसके बाद दो अंक रेड के साथ मुंबा को इतने ही अंकों से आगे कर दिया। पहला हाफ 14-13 से समाप्त हुआ और गुजरात पर ऑलआउट का खतरा था। जफरदानेश के दो अंकों से गुजरात ऑलआउट हो चुकी थी औऱ मुंबा को 18-13 की लीड मिल चुकी थी।
ऑलइन के बाद गुजरात ने लगातार तीन अंक लेकर वापसी की राह पकड़ी। स्कोर 16-21 था। फिर जफरदानेश ने दो अंक लेकर लीड 7 की कर दी। गुजरात की टीम ने हालांकि लगातार तीन अंक लेकर फासला 4 का कर दिया। अगली रेड पर परतीक की गलती से मुंबा सुपर टैकल की स्थिति में जाने से बची।
गुजरात के लिए कमबैक जरूरी था और लगातार दो अंक लेकर प्रयास भी दिखा। पॉइंट्स मिलने के बाद भी 6 अंकों का फासला कम होने का नाम नहीं ले रहा था। दो मिनट बाकी रहते गुजरात ने एक सुपर टैकल किया लेकिन बावजूद इसके फासला अब भी 6 का बना हुआ था। तमाम प्रयासों के बावजूद गुजरात की टीम इस अंतर को पाट नहीं सकी और सीजन की पहली हार को मजबूर हुई।












Click it and Unblock the Notifications