PKL 11 से़ पहले दबंग दिल्ली ने किया बड़ा ऐलान, इस युवा खिलाड़ी की टीम में अचानक हुई एंट्री
Pro Kabaddi League 2024, Dabang Delhi News: प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) अपने नए सीजन के लिए तैयार है। टीमें नए खिलाड़ियों के साथ अपने लाइन-अप को बेहतर बना रही हैं। आठवें सीजन में खिताब जीतने वाली दबंग दिल्ली ने युवा रेडर अनिकेत माने को साइन करके टीम से जोड़ लिया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब टीम का लक्ष्य नए सीजन के लिए टीम को पहले से भी मजबूत करना है।
अनिकेत की हुई टीम में एंट्री
महाराष्ट्र के होनहार अनिकेत ने पहले घरेलू प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का प्रदर्शन किया है और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया है। 11वें सीजन की नीलामी में नहीं चुने जाने के बावजूद दबंग दिल्ली ने उन्हें एक खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया है। दबंग दिल्ली के इस फैसले से साफ है कि टीम को अनिकेत पर काफी भरोसा है।

हिम्मत अंतिल चोट के कारण हुए बाहर
पीकेएल के 11वें सीजन की तैयारी में दबंग दिल्ली ने चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ एक मजबूत कोर टीम बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित किया है। हाल ही में उन्हें एक झटका लगा जब प्रमुख डिफेंडर हिम्मत अंतिल चोट के कारण बाहर हो गए। हिम्मत जिन्होंने 10वें सीजन में डेब्यू किया था और आगामी सीजन के लिए रिटेन किए गए थे। लेकिन वह चोट के कारण लीग से बाहर हो गए हैं।
मजबूत टीम बनाने की कोशिश
हिम्मत अंतिल के जाने के बावजूद दबंग दिल्ली एक मजबूत टीम बनाए रखने में कामयाबी हासिल की है। टीम ने अपने पिछले सीजन के दो अहम खिलाड़ियों नवीन कुमार और आशु मलिक को बरकरार रखा है। इसके अलावा नीलामी में सिद्धार्थ देसाई के साथ-साथ नितिन पंवार और आशीष भी दबंग दिल्ली के लिए खेलते नजर आएंगे।
पीकेएल खिताब जीतने की उम्मीद
आठवें सीज़न में अपना पहला पीकेएल खिताब दिलाने वाले कोच जोगिंदर नरवाल के मार्गदर्शन में टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। दबंग दिल्ली एक बार फिर चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए तैयार है। टीम को विशेष रूप से उम्मीद है कि नवीन कुमार, जो पिछले सीज़न में चोट के कारण बाहर हो गए थे। वह इस सीजन सभी मैचों में हिस्सा ले सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications