Pro Kabaddi 2023: दो दिसंबर से शुरू होगा प्रो कबड्डी लीग का दसवां सीजन, 12 शहरों में होंगे मुकाबले
Pro Kabaddi 2023: प्रो कबड्डी लीग 2023 का 10वां सीजन 2 दिसंबर से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट के पहले सात सीजन की तरह प्रो कबड्डी लीग इस साल कारवां फॉर्मेट में खेला जाएगा। जिसमें प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कुछ दिनों के लिए प्रतियोगिता की मेजबानी करने का मौका मिलेगा।
12 शहरों में आयोजित किए जाएंगे मुकाबले
प्रो कबड्डी लीग (PKL) के आयोजक- मशाल स्पोर्ट्स ने घोषणा की है कि लीग अपनी पुरानी रंगत में लौट आई है। इसी के तहत लीग के 10वें सीजन के मुकाबले 12 शहरों में आयोजित किए जाएंगे और इसका आयोजन 2 दिसंबर से होगा। इसका नतीजा होगा कि हर एक फ्रेंचाइजी के फैंस इस साल के अंत में अपने पसंदीदा सितारों को अपने शहर में खेलते देख सकते हैं।

हालांकि, इस साल पीकेएल की मेजबानी करने वाले शहरों की सूची की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पीकेएल के 10वें सीजन के बारे में बोलते हुए अनुपम गोस्वामी (प्रमुख स्पोर्ट्स लीग, मशाल स्पोर्ट्स और लीग कमिश्नर, प्रो कबड्डी लीग) ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि, 'बीते नौ साल की सफलता को देखते हुए हमने पाया है कि कबड्डी पूरे भारत में एक ऐसे खेल के रूप में फैल रहा है, जिसे लोग देखना और खेलना पसंद करते हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'अब अपने ऐतिहासिक दसवें सीजन के साथ, हम इस खेल को और आगे बढ़ाने तथा एक ऐसा मंच बनाए रखने के लिए उत्साहित हैं, जिसने कबड्डी के भविष्य को आकार देने के लिए दुनिया भर से प्रतिभाओं को उभरते देखा है।'
यादगार और दिलचस्प होगा पीकेएल का 10वां सीजन
गोस्वामी ने कहा कि, 'बिना किसी संदेह के पीकेएल ने एक विरासत बनाई है और हम इस अविश्वसनीय यात्रा का हिस्सा बनने के लिए अपने एथलीटों और फैंस के प्रति समान रूप से आभारी हैं। हम वादा करते हैं कि पीकेएल का 10वां संस्करण हर लिहाज से यादगार होगा और यह एक लिहाज से इस इस खेल का सेलीब्रेशन होगा।'
प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 की नीलामी 8-9 सितंबर 2023 को मुंबई में आयोजित होगी। लीग आने वाले सप्ताहों में इस महत्वपूर्ण सीजन के लिए और अधिक जानकारी साझा करेगी। मशाल स्पोर्ट्स और डिज्नी स्टार ने एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के तत्वावधान और मंजूरी के तहत, पीकेएल को भारत में सबसे सफल खेल लीग में से एक बना दिया है।
ये भी पढ़ें- Asia Cup Tickets: कैसे बुक करें भारत बनाम पाकिस्तान मैच टिकट? जानें पूरी डिटेल्स
प्रो कबड्डी लीग के लाइव अपडेट के लिए क्या करें
प्रो कबड्डी लीग के सभी लाइव अपडेट के लिए, www.prokambadi.com पर लॉग ऑन करें या आधिकारिक प्रोकबड्डी ऐप डाउनलोड करें या फिर इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर @prokabaddi.com को फॉलो करें।












Click it and Unblock the Notifications