आखिर कैसे IPL बन गया दुनिया का सबसे लोकप्रिय T-20 लीग, हैरान कर देंगे आंकड़े
साल 2008 में शुरू हुआ IPL आज दुनिया का सबसे पॉपुलर T-20 लीग बन चुका है। कोरोना काल के बाद इसकी ब्रांड वैल्यू में गजब का इजाफा हुआ है।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) आज करोड़ों फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता है। अब तक इसके 15 सीजन हो चुके हैं और आज 16वे सीजन का फाइनल गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कैसे ये लीग दुनिया की सबसे बड़ी टी 20 लीग बन गई है।
भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि लोगों का जुनून है, वहीं, क्रिकेट की लोकप्रियता का श्रेय आईपीएल को भी काफी हद तक जाता है। साल 2008 में शुरू हुआ आईपीएल आज लाखों प्रशंसकों के लिए मनोरंजन का स्त्रोत बन गया है। भारत में इसकी शुरूआत ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग और इंग्लैंड में 20-20 कप की तर्ज पर की गई थी। ये एक फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 लीग है, जहां टीमों का स्वामित्व निजी निवेशकों के पास होता है।
अगर इस लीग की बढ़ती ब्रांड वैल्यू की बात करें तो आंकड़े काफी हैरान करने वाले हैं। साल 2014 में IPL की ब्रांड वैल्यू 19,500 करोड़ रुपए थी। जो अगले साल बढ़ोतरी के साथ ये 21,300 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसके बाद साल 2016 में इसकी ब्रांड वैल्यू 27,500 करोड़ रुपये रही। वही, 2018 में मेगा ऑक्शन के बाद साल 2019 में इसकी ब्रांड वैल्यू 47,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
वहीं, साल 2020 में कोरोना काल का आईपीएल पर भी असर दिखाई दिया। जिसके कारण इसकी ब्रांड वैल्यू में गिरावट के साथ ये घटकर 45,800 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसी के साथ साल 2021 में इसकी ब्रांड वैल्यू में और गिरावट दर्ज की गई और ये 35950 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
लेकिन, कोरोना में सुधार के बाद साल 2022 में इसकी ब्रांडिंग में बड़ी उछाल देखने को मिली। 10 टीमों के ऑक्शन के बाद साल 2022 में इसकी ब्रांड वैल्यू 87,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। आईपीएल में अब कई विदेशी कंपनियां भी अपनी दिलचस्पी दिखा रही हैं। इस लीग में खिलाड़ियों की किस्मत तो पलटती ही है। फ्रैंचाईजी, चैनल्स और कई ब्रांड की करोड़ो रुपये में कमाई होती है।
आईपीएल आज दुनिया में अपनी लोकप्रियता के कारण दुनिया का सबसे ब्रांडेड टी 20 लीग बन गया है। इसकी अनूठी फ्रैंचाइज प्रणाली, हाई क्वालिटी क्रिकेट फन को देखते हुए बीसीसीआई (BCCI) ने महिला आईपीएल को भी लॉन्च कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications